बरौर (कानपुर देहात)। थाना क्षेत्र के बरगवां गांव के निकट एक खेत में मानव कंकाल मिला है। पास मिले कपड़े, चप्पल, चूड़ियों से परिवारीजनों ने पहचान की है। सूचना पर पहुंचे पुलिस आला अफसरों ने फॉरेंसिक टीम बुलाकर आवश्यक तथ्य संकलित कराए हैं। पुलिस ने कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बुधवार को देरशाम बरौर थाना क्षेत्र के बरगवां गांव निवासी ओम प्रकाश शर्मा के बटाईदार गांव का बीरेंद्र बाजरे के खेत से अन्ना मवेशी हांकने गया था। जिसे खेत के बीच में एक नर कंकाल मिला है। सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने देरतक शिनाख्त कराने की कोशिश की। इसी बीच कंकाल के पास पहुंचे गांव के छोटेलाल संखवार ने कंकाल के पास पड़े कपडे़े, चप्पल एवं हंसिया से पहचान से अपनी भाभी रजनी (28) के रूप में की।
रजनी की सास जयदेवी ने बताया कि पुत्र श्रीबाबू की छह साल पहले बीमारी के चलते मौत हो गई थी। 15 सितंबर को वह बहू को घर में छोड़कर मजदूरी करने गई थी। वापस घर आने पर बहू नदारत थी। 18 सितंबर को बरौर थाने में दी थी। सीओ राम कृष्ण मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया में परिवार ने पहचान तो कर ली है, कंकाल को डीएनए जांच के लिए भेजा जाएगा। रिपोर्ट बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
इधर, जानकारी होने पर अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार, सीओ राम कृष्ण मिश्र, एसओ नीरज यादव, दिग्विजय सिंह मौके पर पहुंचकर जांच की। फॉरेंसिक टीम ने नमूने संकलित किए। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद साक्ष्यों के आधार पर जांच की जाएगी।