राजपुर (कानपुर देहात)। सट्टी गांव में शनिवार की देर रात किसान चंद्रपाल (32) ने कमरे में पंखे से शॉल के सहारे फांसी लगाकर जान दे दी। मौके से पुलिस ने एक सुसाइड नोट बरामद किया है। इसमें चंद्रपाल ने गांव के एक युवक पर धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव के छोटेलाल का बेटा चंद्रपाल (32) गांव खेती करता था। पिता का आरोप है कि गांव के एक युवक से बेटे चंद्रपाल ने कुछ समय पहले मैजिक वाहन खरीदा था। खरीदने के दौरान एक लाख रुपये नकद दिए थे। इसके बाद युवक ने बाकी रकम 23 किस्तों में फाइनेंस कंपनी में जमा करने की बात कही थी। चंद्रपाल ने कई किस्तें जमा की। बाद में पता चला की गाड़ी की 33 किस्तें जमा करनी हैं। इस पर चंद्रपाल ने मैजिक बेचने वाले युवक से नाराजगी जताई और मैजिक वापस लेने की बात कही। इस पर दोनों में विवाद हो गया। आरोप है कि 15 दिन पहले आरोपी युवक ने रुपये वापस करने की बात कही। शनिवार को चंद्रपाल ने युवक से रुपये का तगादा किया, तो उसने मारपीट कर रुपये देने से इंकार कर दिया। पिता का आरोप है कि बेटे ने खुद के साथ हुई धोखाधड़ी से परेशान होकर फांसी लगा ली। पति को फांसी में लटकता देख पत्नी सोनी देवी गश खाकर गिर गई। वहीं, परिजनों में कोहराम मच गया। चंद्रपाल के बेटी खुशी व बेटा अर्पित हैं।
घटना की सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने चंद्रपाल के पास से सुसाइड नोट बरामद किया है। इधर, रविवार को पिता ने गांव के एक युवक के खिलाफ धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए थाने तहरीर दी है। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र मलिक ने बताया कि सुसाइड नोट के सभी बिंदुओं पर जांच शुरू कर दी है।