जेसीबी से डंपर में भरी जाती अवैध खनन की मिट्टी।
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। अकबरपुर के रेउना रजबहा में सिल्ट उठाने की अनुमति लेकर अवैध मिट्टी खनन कर लिया गया। इससे कई जगह रजबहा की पटरी क्षतिग्रस्त हो गई है।
रेउना रजबहा में पिछले दिनों सिल्ट सफाई कराई गई थी। रजबहा पटरी पर जमा सिल्ट उठाने के लिए सिंचाई विभाग ने आठ से 20 किमी तक एक ठेकेदार को अनुमति दी है। ठेकेदार ने मजदूरों को लगाकर जेसीबी से सिल्ट उठाने का काम शुरू कराया था। नियमों को दरकिनार कर सिल्ट उठाने के साथ ही कई जगह पर रजबहा पटरी की मिट्टी का अवैध खनन कर लिया। पटरी से लगी भूमि पर भी अवैध मिट्टी खनन किया गया है। पटरी क्षतिग्रस्त होने से कमजोर हो गई है।
ऐसे में पूरी क्षमता से रजबहा में पानी छोड़े जाने पर पटरी फटने की आशंका है। निचली गंग नहर कानपुर चतुर्थ खंड के एई हरिओम शर्मा ने कहा कि सिल्ट उठाने के साथ रजबहा पटरी व उससे लगी भूमि से मिट्टी उठाने की शिकायत मिली है। जेई से स्थलीय रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। क्षतिग्रस्त पटरी दुरुस्त कराई जाएगी।