जालौन/कानपुर देहात। मंगलपुर थाना के जगदीशपुर जोगीडेरा गांव से कार सवार युवकों ने एक युवक को अगवा कर लिया। छोड़ने के लिए 49 हजार रुपये फिरौती मांगी। फिरौती देने गए दो लोगों को भी बंधक बना लिया। बाद में उन्हें कोंच चौराहे के पास छोड़कर भाग निकले। गश्त के दौरान पुलिस को मिले तीनों युवकों ने आपबीती बताई। इसके बाद स्थानीय पुलिस ने मंगलपुर थाने से संपर्क कर युवकों को मंगलपुर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। अब पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
दो मुंहा सांप खरीदने के लिए झींझक के करियाझाला मोड़ पर नौ फरवरी को कार से पहुंचे युवकों को सांप नहीं मिला। इस पर वह सौदा करने वाले जगदीशपुर जोगीडेर के सनोज को उठा ले गए। इसके बाद फिरौती के लिए 40 हजार रुपये मांगे। जगदीशपुर जोगीडेरा के संतोष नाथ ने बताया कि 49 हजार रुपये देकर भाई सनोज को छुड़ाने के लिए गांव के पिंटू व गौतम नाथ को भेजा तो उन्हें भी बंधक बना लिया गया। कार सवारों ने औरैया के करमपुर में बुलाया था।
मंगलवार रात ही पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। गौतम नाथ के अनुसार 9 फरवरी को पंडित अपने चार अज्ञात साथियों के साथ उनके गांव गाड़ी से आया। उस समय वह घर पर नहीं था। उन्होंने रास्ते में जा रहे उनके साथी सनोजनाथ को पकड़ लिया और गाड़ी में बैठाकर उसे औरैया लाए। उन्होंने सनोज के साथ मारपीट की। फिरौती मांगने पर वह अपने साथी पिंटूनाथ के साथ बाइक से नौ फरवरी की शाम को 49 हजार रुपये लेकर औरैया पहुंच गया। वहां मौजूद पांचों लोगों ने उसके सभी 49 हजार रुपये छीन लिए।
बाद में पांचों ने उन्हें जबरन गाड़ी में बैठा लिया और आंखों में पट्टी बांधकर उन्हें ले गए। तीन दिनों तक उन्होंने किसी अज्ञात स्थान पर उन्हें रखा। इसी दौरान तीनों के गायब होने की सूचना उनके परिजनों ने मंगलपुर थाने में कर दी। पुलिस भी उनकी तलाश कर रही थी। पुलिस के दबाव का देखते हुए उन्होंने मंगलवार रात दो बजे तीनों युवकों को कोंच चौराहे के पास छोड़ दिया। इसी दौरान कोतवाल सुनील सिंह कोंच चौराहे के पास गश्त करते हुए पहुंच गए। जहां तीनों युवक मिले। कोतवाल का कहना है कि मामला लेनदेन के विवाद का है। मामला मंगलपुर थाने में दर्ज है। अपहरणकर्ताओं की तलाश में वहां की पुलिस ग्वालियर तक दबिश दे रही है।