राजपुर (कानपुर देहात)। जालौन के जिस व्यक्ति का अपहरण कर हत्या की रिपोर्ट सट्टी थाने में दर्ज कराई गई थी, वह पुखरायां रेलवे स्टेशन पर जिंदा मिला। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है। पत्नी ने जेठ-जिठानी समेत पांच लोगों के खिलाफ अपहरण कर हत्या के बाद शव गायब करने की रिपोर्ट लिखाई थी। जमीन के विवाद में यह साजिश रची गई थी। अब पुलिस फर्जी रिपोर्ट दर्ज कराने वाली महिला की तलाश कर रही है।
सट्टी थाना प्रभारी रोहित तिवारी ने बताया कि जालौन के चुर्खी थाना क्षेत्र के रिछाना गांव निवासी प्रमोद कुमार की पत्नी सिया दुलारी की रिपोर्ट कोर्ट के आदेश पर सात जनवरी को दर्ज की गई थी। उसने बताया था कि ससुर लाल सिंह को उनकी ननिहाल सट्टी थाना क्षेत्र के नौबादपुर में 20 बीघा जमीन और एक मकान मिला था। इसे ससुर ने कुछ माह पहले जेठ संतोष कुमार की पत्नी पुष्पा के नाम कर दिया था। जानकारी होने पर उसके पति प्रमोद कुमार ने ससुर से अपने हिस्से की जमीन मांगी।
इस पर जेठ-जिठानी से विवाद हो गया। थाना प्रभारी ने बताया कि महिला ने ससुर, जेठ, जेठानी व उसके पुत्र समेत रिश्तेदार राज बहादुर निवासी सरौटा थाना भोगनीपुर के खिलाफ पति प्रमोद कुमार के अपहरण के बाद हत्या कर शव को गायब कर देने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले की जांच के दौरान जानकारी मिली कि प्रमोद कुमार शनिवार को पुखरायां रेलवे स्टेशन के पास खड़ा है। पुलिस ने मौके पर जाकर उसे हिरासत में ले लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि फर्जी रिपोर्ट लिखाने वाली सिया दुलारी की तलाश की जा रही है।