मैथा स्टेशन के पास घर में चोरी के बाद बिखरा पड़ा सामान।
- फोटो : AKBARPUR
शिवली (कानपुर देहात)। मैथा पुलिस चौकी के पास बिल्डिंग मैटेरियल व्यापारी के घर से चोर 3.80 लाख की नकदी और साढ़े तीन लाख के जेवरात चोरी कर ले गए। व्यापारी, पत्नी और बच्चे के कमरे की कुंडी चोरों ने बाहर से बंद कर दी थी। शुक्रवार सुबह नींद खुलने पर व्यापारी ने आवाज लगाई तो पड़ोसी ने कुंडी खोली। तब चोरी की जानकारी हो सकी।
मैथा पुलिस चौकी के पास राम आसरे की बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान है। दुकान के पीछे बने मकान में परिवार के साथ वह रहते हैं। उन्होंने बताया कि गुरुवार की रात खाना खाने के बाद परिवार के साथ एक कमरे में सो गए। चोरों ने इस कमरे के दरवाजे की कुंडी बाहर से बंद कर दी। इसके बाद दूसरे कमरे की कुंडी काट दी।
उसमें रखे 3.80 लाख रुपये नकद और साढ़े तीन लाख रुपये के गहने चोर ले गए। शुक्रवार की सुबह उठने पर बाहर से दरवाजा बंद मिला। पड़ोसी नाहर सिंह को आवाज देकर दरवाजा खुलवाया। तब चोरी का पता चला। कमरे का सामान बिखरा हुआ था। चंद दूरी पर मैथा पुलिस चौकी है। इंस्पेक्टर भूपेंद्र सिंह राठी ने बताया की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। शीघ्र ही चोरी का खुलासा किया जाएगा।