कानपुर देहात जिले के रूरा कस्बे की गैंगरेप पीड़िता छात्रा के फांसी लगाए जाने के बाद प्रेस वार्ता
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। सामूहिक दुष्कर्म के आहत छात्रा ने कानपुर नगर के चौबेपुर क्षेत्र चचेरी ंबहन के घर में शुक्रवार की रात फांसी लगाकर जान दे दी। शनिवार को उसका शव गांव पहुंचा, तो डीएम व एसपी ने मामले की गंभीरता को गंभीरता से लिया। आनन-फानन प्रेसवार्ता बुलाई और पूरे घटनाक्रम की मीडिया को जानकारी दी।
माती स्थित एसपी आफिस में प्रेसवार्ता करते हुए डीएम राकेश कुमार सिंह ने बताया कि छात्रा के पिता ने 16 नवंबर को तीन लोगों के खिलाफ बहला-फुसलाकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। घर वापस लौटने पर छात्रा के पुलिस व मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज हुए। इसके आधार पर ही आगे की कार्रवाई की गई है। वहीं, एसपी अनुराग वत्स ने बताया कि छात्रा का मेडिकल कराए जाने के बाद 22 नवंबर को उसके मजिस्ट्रेट के समक्ष कलम बंद बयान दर्ज कराए गए थे। दो दिन बाद पुलिस को छात्रा के बयान की कॉपी कोर्ट से मिली। इसी बीच घटना की विवेचना कर रहे दरोगा अरुण कुमार पांच दिन के अवकाश पर चले गए।
29 नवंबर को विवेचक ड्यूटी पर लौटे। इसके बाद उन्होंने छात्रा के बयानों का अवलोकन किया। 2 दिसंबर को विवेचक ने एफआईआर में सामूहिक दुष्कर्म और अन्य धाराएं बढ़ा दी थीं। इसके बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश भी दे रही थी, लेकिन वह हाथ नहीं लग रहे थे। शुक्रवार को छात्रा के खुदकुशी करने की जानकारी मिली थी। मामले में सभी पहलुओं पर बारीकी से विवेचना कराई जा रही है। घटना की विवेचना अब रूरा थाना प्रभारी सैय्यद मोहम्मद अब्बास को सौंपी गई है। विवेचना में जो तथ्य निकलकर सामने आएंगे। उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।