कानपुर देहात। अकबरपुर कस्बा के वार्ड नंबर सात में दुकान खोलने से मना करने पर कुछ युवकों ने पथराव कर दिया। आसपास के लोगों के जुटने पर आरोपी मौके से भाग गए। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।
वार्ड नंबर सात निवासी रामजानकी ने बताया कि भतीजा संदीप राजपूत दोनों पैरों से दिव्यांग है। उसने घर पर ही परचून की दुकान खोल रखी है। रविवार रात वह दुकान बंद करने के बाद सो रहा था। मोहल्ले के रामकुमार बाल्मीकि के यहां आयोजित समारोह में आए कुछ लोग सामान लेने संदीप की दुकान पर पहुंचे।
संदीप ने रात में दुकान खोलने से मना कर दिया। इस पर युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दिया। विरोध करने पर युवकों ने भतीजे की पिटाई शुरू कर दी। शोर सुनकर परिवार के लोग दौड़े, तो आरोपियों ने पथराव कर दिया। थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में महिला की तहरीर पर संदीप बाल्मीकि, रामकुमार, सीताराम आदि पर मारपीट की रिपोर्ट दर्ज की गई है।