सरवनखेड़ा (कानपुर देहात)। लकी ड्रा में इनाम निकलने का झांसा देकर ठगी करने वाले छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यह लोग एटीएम में ग्रामीणों की मदद के नाम पर भी खाते का कोड पूछकर रुपये निकाल लेते थे। टप्पेबाजों के पास से विभिन्न कंपनियों के मोबाइल, एटीएम कार्ड, बाइक और नकदी बरामद हुई है।
बुधवार की रात पुलिस ने दो बाइकों में सवार छह लोगों को जमरेही गांव के पास से गिरफ्तार किया। पकड़े गए लोगों में गजनेर थाना क्षेत्र के ही गांव विजय नगर निवासी रवि सिंह, आरिन, विजय सिंह, उस्मानपुर जमरेही निवासी देशराज, ऋषभ उर्फ रिंकू और सुबोध कुमार शामिल हैं। पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह गिरोह फोन नंबरों पर कॉल करके लोगों को फंसाता था। इसके बाद बैंक खाते में उनसे रुपये डलवा लेते थे।
गिरोह के लोग एटीएम के बाहर भी मौजूद रहते थे। यह रुपये निकालने में ग्रामीणों की मदद के नाम पर उनके खाते का पिन कोड पूछकर एटीएम बदल लेते थे। इसके बाद उसके खाते से नकदी पार कर देते थे। टप्पेबाजों का गिरोह काफी दिनों से सक्रिय था। आरोपियों के पास से पुलिस ने छह विभिन्न कंपनियों के मोबाइल, दो एटीएम, आठ सिम कार्ड, दो बाइक, 23 हजार 28 रुपये बरामद किए हैं। थाना प्रभारी शशिभूषण मिश्र ने बताया आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।