कानपुर देहात। गजनेर में आठवीं कक्षा की छात्रा को अगवा कर गांव के दो युवकों ने दुष्कर्म किया। युवकों के एक साथी ने छात्रा के साथ शारीरिक छेड़छाड़ की। हालत बिगड़ने पर छात्रा ने परिजनों को घटना बताई। इसके बाद पिता ने रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी शशिभूषण मिश्रा का कहना है कि एक साथ दो युवकों ने छात्रा से दुष्कर्म नहीं किया। इसलिए सामूहिक दुष्कर्म की धारा नहीं लगाई गई है। तीनों आरोपियों की उम्र 19 से 22 वर्ष के बीच है।
गजनेर के एक गांव में मजदूर अपनी 13 वर्षीय इकलौती बेटी के साथ रहता है। उसकी बेटी गांव के एक सरकारी स्कूल में आठवीं कक्षा में पढ़ती है। मंगलवार की दोपहर छात्रा स्कूल से पैदल घर आ रही थी। तभी रास्ते में गांव के ही 22 वर्षीय दिलीप ने साथी अवधेश और गुडुडू के साथ उसे बाइक से अगवा कर लिया। छात्रा के साथ उसके स्कूल में पढने वाले छह साल के किशोर को भी आरोपी साथ ले गए। इसके बाद आरोपी त्रिवेदिन पुरवा गांव स्थित ईंट भट्ठा पहुंचे। छात्रा के मुताबिक आरोपियों ने किशोर को बाइक के पास खड़ा कर दिया। उसे घसीट कर सूनसान जगह पर ले गए। वहां दिलीप ने उसके संग दुष्कर्म किया। बुधवार को आरोपी उसे फिर अगवा कर ईंट भट्ठे में ले गए। वहां अवधेश ने दुष्कर्म और गुड्डू ने शारीरिक छेड़छाड़ की। शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देकर आरोपी फरार हो गए। गुरुवार शाम छात्रा की हालत बिगड़ गई। इसके बाद पिता को आप बीती बताई। पिता उसे थाने लेकर पहुंचा और पुलिस को जानकारी दी।