कानपुर देहात। जिले से भेजे गए सैंपलों में एक के कोरोना पॉजिटिव होने की सूचना पर शुक्रवार रात अफसरों मेें हड़कंप मच गया। छानबीन के बाद पता चला कि पॉजिटिव जनपद बिजनौर का था। इस पर अफसरों ने राहत की सांस ली।
जिलेभर से हर रोज संदिग्धों के सैंपल जांच के लिए कानपुर मेडिकल कालेज भेजे जाते हैं। संक्रामक रोग नोडल अफसर डॉ. एपी वर्मा ने बताया कि शुक्रवार रात मेडिकल कालेज से सूचना दी गई कि डेरापुर क्षेत्र के एक मरीज के सैंपल में कोरोना की पुष्टि हुई है। इस पर सभी सकते में आ गए। आनन-फानन सूचना डीएम व सीएमओ को दी गई।
अफसरों ने मेडिकल कालेज से दी गई सूचना और भेजे गए सैंपलों के मरीजों का नाम मिलान किया तो मामला जनपद बिजनौर का पाया गया। संक्रामक रोग नोडल ने बताया कि रिपोर्ट में जिले के डेरापुर से मिलता नाम बिजनौर के एक क्षेत्र का था। इसी कारण भ्रम की स्थिति बन गई। फिलहाल जिले मेें एक भी कोरोना पॉजिटिव का केस नहीं है।
आइसोलेशन में भर्ती 19 की रिपोर्ट निगेटिव
जिला अस्पताल अकबरपुर के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती 19 कोरोना संदिग्धों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। फिलहाल सभी को क्वारंटीन अवधि पूरी होने तक रोका गया है।
खांसी, जुकाम, बुखार से पीड़ितों को संदिग्ध मानते हुए अलग-अलग क्षेत्रों से आए 19 संदिग्धों को जिला अस्पताल अकबरपुर के आइसोलेशन वार्ड में रखा गया था। उनके सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। शुक्रवार देर शाम सभी संदिग्धों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। इस पर स्वास्थ्य अफसरों ने राहत की सांस ली है।
जिला अस्पताल के प्रभारी सीएमएस डॉ. आरए मिर्जा ने बताया कि सभी 19 सैंपलों में कोई भी कोरोना पॉजिटिव नहीं पाया गया है। जिला संक्रामक रोग नोडल डॉ. एपी वर्मा ने बताया कि जिले से अभी तक कुल 186 संदिग्धों के कोरोना सैंपल जांच के लिए भेजे जा चुके हैं। इनमे से 163 की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। शनिवार को भेजे गए 23 सैंपलों की रिपोर्ट आना बाकी है।