डेरापुर/शिवली (कानपुर देहात)। तहसील परिसर में सामुदायिक रसोई का संचालन शुरू हो गया है। कस्बे के गरीब परिवारों को यहां सुबह व शाम का भोजन मुहैया कराया जा रहा है।
तहसीलदार लाल सिंह ने बताया कि तहसील के पुराने सभागार में सामुदायिक रसोई शुरू की गई है। बताया कि हर दिन डेढ़ से दो सौ लोगों के लिए यहां भोजन तैयार हो सकता है। कस्बे में 120 गरीबों को सामुदायिक रसोई में तैयार पूड़ी सब्जी वितरित की जा रही है।
ईओ सुरेश कुमार ने बताया कि सुबह व शाम को चिह्नित परिवारों को पैकेट बंद भोजन दिया जा रहा है। कस्बे के गांधी गोविंद बाल विद्यापीठ के कक्ष में आरएसएस की ओर से संचालित सामुदायिक रसोई में तैयार लंच पैकेट जरूरतमंदों को बांटे गए। प्रभारी अभिषेक तिवारी, अंकित द्विवेदी, रजत मिश्रा, राम गोविंद यादव ने बताया कि जरूरतमंदों को भोजन के पैकेट दिए जा रहे हैं। शिवली में आटा चक्की संचालक हिमांशु शर्मा ने दो सौ लंच पैकेट जरूरतमंदों को वितरित किए।
भाकियू भानु गुट के जिलाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह ने रविवार को सहयोगी लाल मोहम्मद, रामगोपाल गुप्ता, पंकज सिंह गौर, जितेंद्र सिंह आदि के साथ रसूलाबाद नगर पंचायत की मलिन बस्ती में एक दर्जन परिवारों को 5 किलो आटा, 2 किलो दाल, एक लीटर सरसों का तेल, हल्दी, धनिया, पिसी मिर्च, नमक, साबुन आदि खाद्य सामग्री वितरित की। शिवली कस्बे के उद्योग व्यापार मंडल के सहयोग से 11 गरीबों को दस दिन की राशन सामग्री के साथ साबुन, तेल, सब्जी मसाला दिया गया। एसडीएम रामशिरोमणि, व्यापार मंडल अध्यक्ष रमाकांत अग्निहोत्री ने राशन सामग्री व मोमबत्ती के 55 पैकेट भी लोगों को वितरित किए।