फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोरोना का संदिग्ध मिला जुकाम पीड़ित

विज्ञापन
कलक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक करते डीएम। - फोटो : AKBARPUR
विज्ञापन
कानपुर देहात। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने कहा कि सभी पीएचसी, सीएचसी, जिला अस्पताल में कोरोना मरीजों के लिए पांच-पांच बेड आरक्षित किए जाएं। फ्लू रोगियों की अलग से जांच के लिए फ्लू फीवर हेल्प डेस्क वार्ड जल्द बनाए जाएं। कोरोना से बचाव संबंधी जानकारी सार्वजनिक स्थानों पर होर्डिंग्स लगवाकर दी जाए।
विज्ञापन

डीएम ने कलक्ट्रेट सभागार कक्ष में स्वास्थ्य, शिक्षा, पंचायतीराज, जिला कार्यक्रम विभाग व सभी एसडीएम के साथ बैठक की। उन्होंने एडीएम प्रशासन से कहा कि सभी नगरीय निकायों के अधिकारियों के माध्यम से कोरोना से बचाव की होर्डिंग्स हरहाल में सोमवार तक लगवाकर रिपोर्ट दें। सभी सीएचसी, पीएचसी व जिला अस्पताल के चिकित्सकों को निर्देश दिए कि एक अलग से फ्लू फीवर हेल्प डेस्क वार्ड बनाए। वहां अलग से डॉक्टर को तैनात करें। ताकि फ्लू वाले मरीज की अलग से जांच की जा सके। फीवर जांच करने वाले इंफ्रारेड थर्मामीटर सभी अस्पतालों में होने चाहिए। सीएमओ को निर्देशित किया कि कोरोना मरीज अगर दूसरे प्रदेश में हैं और उनका संबंध जिले के किसी व्यक्ति से है तो उस पर नजर रखें। डीएम ने सभी सीएचसी व पीएचसी में कोरोना वायरस के लिए पांच-पांच बेड आरक्षित करने के भी निर्देश दिए। सीएमओ डॉ. राजेश कटियार ने बताया कि कोरोना पर मरीज मेें बुखार, खांसी, सांस लेने में तकलीफ के लक्षण पाए जाते हैं।
इससे बचने के लिए हाथों को बार-बार साबुन से धोएं। खांसतें और छींकते समय नाक-मुंह को नैपकिन या रुमाल से ढकें। इस मौके पर एसडीएम सदर आनंद कुमार सिंह, राम शिरोमणि, ऋषिकांत राजवंशी, राजीव राज, एसीएमओ डॉ. वीपी सिंह, डिप्टी सीएमओ डॉ. एपी वर्मा, डॉ. महेंद्र जतारया, पुखरायां सीएचसी अधीक्षक डॉ. आदित्य सचान मौजूद रहे।
विज्ञापन

कंट्रोल रूम सक्रिय
कोरोना मरीजों के संबंध में सूचना एकत्र करने के लिए जिलास्तर पर कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है। इसका नंबर 05111-270100 जारी किया गया है। संक्रामक रोग नोडल डॉ. एपी वर्मा व जिला संक्रामक रोग प्रभारी डॉ. यतेंद्र शर्मा को भी वायरस संबंधी मामलों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
कोरोना के संदिग्ध को निकला जुकाम
जिला अस्पताल में शुक्रवार को कोरोना जैसे लक्षणों वाले संदिग्ध में जुकाम के लक्षण पाए गए हैं। फिलहाल उसे घर पर रहकर आराम करने की सलाह दी गई है। डेरापुर के एक गांव का युवक नोएडा में चाय की दुकान किए है। वह होली पर घर आया था। शुक्रवार सुबह 11 बजे वह मुंह पर रुमाल बांध कर जिला अस्पताल ओपीडी में पहुंचा था। खांसी व जुकाम की शिकायत पर सीएमएस डॉ. आरके मिर्जा ने उसे फिजीशियन डॉ. प्रियांक विनोद के पास भेज दिया। फिजीशियन ने उसे कोरोना का संदिग्ध मानते हुए टेस्ट कानपुर हैलट अस्पताल में कराने को कहा। बाद में जिला संक्रामक रोग प्रभारी डॉ. यतेंद्र शर्मा ने जांच कर बताया कि युवक में कोरोना जैसे कोई लक्षण नहीं पाए गए हैं। उसे जुकाम की समस्या है।
मास्क और ग्लब्स मंगाए
जिला संक्रामक रोग प्रभारी डॉ. यतेंद्र शर्मा ने बताया कि 50 एन-95 मास्क, 50 पर्सनल प्रोटेक्शन इक्विपमेंट, 21 पायरल ट्रांसपोर्ट मीडिया व 2200 ग्लब्स मंगाए गए हैं। कोरोना से बचाव की जानकारी देने के लिए सार्वजनिक स्थानों पर पंफलेट भी चस्पा कराए जाएंगे।
स्कूल बंद, टलीं परीक्षाएं
कोरोना वायरस के चलते परिषदीय स्कूल बंद होने से 16 मार्च से होने वाली वार्षिक परीक्षाएं टाल दी गईं है। बीएसए सुनील दत्त ने बताया कि जिले के एक से आठवीं तक सभी परिषदीय स्कूल 22 मार्च तक बंद कर दिए गए हैं। 16 मार्च से शुरू होने वाली परीक्षाएं अब 23 मार्च से कराई जाएंगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें