अकबरपुर में भारत जोड़ो यात्रा निकालते कांग्रेसी। संवाद
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। जब-जब गांधी परिवार सड़कों पर उतरता है तब-तब बदलाव आता है। जब गांधी जी सड़कों पर उतरे थे, तो अंग्रेजों को भागना पड़ा था। अब राहुल गांधी भी भारत जोड़ो यात्रा के तहत सड़क पर उतरे हैं। उनके नेतृत्व में बदलाव होगा। यह बातें शुक्रवार को भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कांग्रेस के प्रांतीय अध्यक्ष अनिल यादव ने कहीं। इसमें प्रदेश अध्यक्ष भी शामिल हुए।
उन्होंने कहा कि जब 2014 में मोदी सत्ता में आए थे। तब उन्होंने खुद को चौकीदार बताते हुए कहा था कि वह देश को नहीं बिकने देंगे, लेकिन उन्होंने रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म व एयर इंडिया तक को बेच दिया। बेरोजगारी बढ़ती जा रही है।
देश के नौजवानों को जगाने व जोड़ने के लिए राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा शुरू की है। उनके नेतृत्व में बदलाव आएगा। इसके पहले जिले में पार्टी के अकबरपुर कार्यालय से भारत जोड़ो यात्रा शुरू हुई। यह यात्रा जिले के विभिन्न क्षेत्रों से होकर रसूलाबाद से कन्नौज के लिए चली गई। रसूलाबाद में भी कई जगह जनसभा हुई।
इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी ने संविधान बचाने की शपथ कार्यकर्ताओं व लोगों को दिलाई। उन्होंने भारत से नफरत को खत्म करने व भारत जोड़ने की बात कही। कांग्रेस जिलाध्यक्ष नरेश कटियार ने पदाधिकारियों का स्वागत किया। पदयात्रा में अमृत सिंह, समीम कुरैशी, राजकुमार, सुरेंद्र कटियार, सगीर अहमद, रोहित कटियार, महावीर यादव, डीपी राठौर, विमल शुक्ला, नीलम दिवाकर, मनोरमा संखवार समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसी शामिल रहे।