असालतगंज गोशाला के पास खडड में पडी कार। संवाद
- फोटो : AKBARPUR
रसूलाबाद। असालतगंज गोशाला के पास तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से कार खड्ड में गिर गई। हादसे में कार सवार पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने सभी को सीएचसी पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद तीन लोगों को डॉक्टर ने हैलट रेफर कर दिया।
कानपुर नगर के चौबेपुर क्षेत्र के बदनपुर गांव निवासी जगरूप यादव कार से दोस्त अजय कटियार, उन्नाव जिले के रानीखेड़ा निवासी रुखसार व नफीसा और चालक सौरभ यादव के साथ असालतगंज जा रहे थे।
रसूलाबाद-बिल्हौर रोड पर गोशाला के पास बिल्हौर की तरफ से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने कार में टक्कर मार दी। इससे कार सड़क से करीब 20 फीट नीचे खड्ड में जा गिरी। हादसे में पांचों लोग घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को कार से निकाल कर सीएचसी पहुंचाया। वहां डॉ. बृजेश कुमार ने प्राथमिक उपचार के बाद जगरूप, अजय व रुखसार को हैलट रेफर कर दिया। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार शुक्ला ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। बोलेरो को कब्जे में लिया गया है। चालक की तलाश की जा रही है।