डेरापुर। परौंख में तीन जून को राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल व मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए गांव की तस्वीर बदलनी शुरू हो गई। सभी विभागों के अधिकारी तय तारीख से पहले कार्यों को पूरा कराने में जुटे हैं।
गांव में अमृत वाटिका, ओपन जिम, अमृत सरोवर बनाने का काम तेजी से चल रहा है। विद्यालय में मध्याह्न भोजन के लिए अलग स्थान बनाया जा रहा है। इसके आसपास क्षेत्र में गाजियाबाद से घास मंगाकर लगाई गई है। मुख्यमार्ग किनारे बने शौचालयों की पुताई कर स्लोगन लिखाए गए हैं।
देश के सर्वोच्च पद पर आसीन होने के बाद राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का दूसरी बार अपने पैतृक गांव परौंख आगमन हो रहा है। इस बार उनके साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी आ रहे हैं। इसको देखते हुए अधिकारी गांव की सूरत बदलने में जुट गए हैं।
राष्ट्रपति के घर (अब मिलन केंद्र) से कुछ दूरी पर लोग पहले घूरा जमा करते थे। उनके आगमन की जानकारी पर इस स्थान पर अब मनरेगा के तहत ब्लॉक प्रशासन ने करीब ढाई लाख रुपये की अमृत वाटिका बनाई है।
इसमें वन विभाग के सहयोग से फल व छायादार पौधे लगाए गए हैं। अमृत वाटिका में बच्चों के झूले व अन्य खेल उपकरण भी लगाए जा रहे हैं। वहीं, प्राथमिक विद्यालय में मध्याह्न भोजन के लिए अलग स्थान व बच्चों के बैठने की लिए फर्नीचर की व्यवस्था की जा रही है।
इसके लिए परिसर में टिन शेड लगाया गया है। यहां फर्नीचर व टाइल्स लगाने का काम अंतिम चरण में है। जेई आरईडी आलोक कुमार ने बताया कि शुक्रवार तक कार्य पूरा कर दिया जाएगा। टिन शेड के पास 15 सौ वर्ग फीट में गाजियाबाद से घास मंगाकर रोपी गई है।
घास विक्रेता इशहाक आवाज ने बताया कि घास 15 रुपये वर्ग फीट के हिसाब से खरीदी गई है। वहीं, राष्ट्रपति के गांव में भ्रमण के मद्देनजर गलियों व मुख्य मार्गों पर बने शौचालयों को भी ठीक कराया गया है। उनकी रंगाई पुताई कर स्वच्छता के संदेश लिखे जा रहे हैं।
दो हेलीपैड तैयार, छह का जल्द होगा निर्माण
राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, सीएम व राज्यपाल के आगमन के लिए बनाए जा रहे आठ हेलीपैड में से दो बनकर तैयार हो गए हैं। पांच हेलीपैड गुरुवार देर शाम तक तैयार कर लिए जाएंगे। एक हेलीपैड के लिए चयनित भूमि पर खड़ी मूंग की फसल में किसान ने पानी लगा दिया है। इससे यहां नमी ज्यादा है। पीडब्लूडी के जेई तारिक कमर ने बताया कि हेलीपैड बनने वाले स्थान पर नमी के चलते खुदाई नहीं हो सकेगी। गुरुवार तक हेलीपैड निर्माण शुरू कर दिया जाएगा।
ओपन जिम निर्माण में आई तेजी
परौंख में व्यायाम करने के लिए बनाए जा रहे ओपन जिम का निर्माण कार्य लगभग पूरा होने वाला है। वॉल पेंटिंग, बैरिकेडिंग का कार्य तेजी कराया जा रहा है। जेई आरईडी आलोक कुमार ने बताया कि परिसर में ओपन जिम बनाने का कार्य तेजी से हो रहा है। शुक्रवार तक जिम में मशीनें भी लगा दी जाएंगी।
राष्ट्रपति के कार्यक्रम में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त : डीएम
परौंख में तीन जून को राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री के भ्रमण कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर बुधवार को डीएम नेहा जैन ने कलक्ट्रेट में अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने निर्देशित किया कि कार्यक्रम में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिन अधिकारियों को जो दायित्व सौंपा गया है, उन पर तत्परता व लगन के साथ कार्य करें। परौंख गांव में जो विकास कार्य कराए जा रहे हैं, उन्हें शीघ्र पूरा कराएं।
परौंख में निर्माणाधीन ओपन जिम। संवाद- फोटो : AKBARPUR
राष्ट्रपति के आवास मिलन केंद्र के पास बनाई गई अमृत वाटिका। संवाद- फोटो : AKBARPUR