पुखरायां (कानपुर देहात)। पार्किंसन मरीजों के लिए बनाई छड़ी से चर्चा में आए पुखरायां निवासी पार्थ बंसल को बंगलूरू में आयोजित होने वाले फेस्टिवल ऑफ इनोवेशन के लिए आमंत्रित किया गया है। आगामी 22 से 24 मार्च तक चलने वाले नवाचार व उद्यम को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से उक्त कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्घाटन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद करेंगे। बता दें कि युवा दिवस पर पार्थ को राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल शक्ति पुरस्कार से सम्मानित किया था।
गुरुवार को पार्थ के पिता संदीप बंसल ने बताया कि अब पार्थ द्वारा बनाई झड़ी को बाजार में उतारने का मौका मिल रहा है। सर्वप्रथम 2016 में नेशनल इनोवेशन फाउंडेशन ने ही पार्थ की बनाई छड़ी को राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चुना था। तत्कालीन राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने डॉ. अब्दुल कलाम इग्नाइट पुरस्कार से नवाजा था। पार्थ को नवाचार के क्षेत्र में इसी वर्ष 22 जनवरी को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल शक्ति पुरस्कार से सम्मानित किया था।