पुखरायां (कानपुर देहात)। पार्किंसन बीमारी में मददगार लेजर स्टिक के आविष्कारक पार्थ बंसल को बुधवार को प्रधानमंत्री बाल शक्ति पुरस्कार मिलेगा। दिल्ली में राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद पार्थ को सम्मानित कर पुरस्कार देंगे।
दिल्ली से संदीप बंसल ने फोन पर बताया कि खेल, कला, संस्कृति, संगीत, शिक्षा, सामाजिक सेवा एवं बहादुरी के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले बच्चों को प्रधानमंत्री बाल शक्ति पुरस्कार दिया जाता है। उनके बेटे पार्थ बंसल को भी यह पुरस्कार मिलेगा। सबेरे 11.30 से 12.30 तक पुरस्कार दिए जाएंगे। पुरस्कृत बच्चों को 23 जनवरी को गणतंत्र दिवस परेड रिहर्सल, 24 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भेंटवार्ता, 25 जनवरी को अभिभावकों के साथ दिल्ली भ्रमण, 26 जनवरी को राजपथ पर मुख्य परेड में शामिल किया जाएगा।
अभिभावकों साथ बच्चे 20 जनवरी को दिल्ली पहुंच गए हैं। संदीप बंसल ने बताया कि पार्थ की दादी सुषमा अग्रवाल को पार्किंसन बीमारी थी। तब पार्थ कक्षा सात में पढ़ता था। दादी की बीमारी ने उसके दिल दिमाग में गहरा प्रभाव डाला। इसके बाद उसने लेजर स्टिक बनाई। उसके आविष्कार को सरकार से पेटेंट भी मिल गया है।