मेवामऊ गांव में गाय का पूजन करती चिकित्सकों की टीम।
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। मलासा कस्बे के लेवामऊ गांव में मंगलवार को आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु आरोग्य मेले में 635 पशुओं का निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
लेवामऊ में आयोजित पशु मेले का प्रधान नीतू देवी के पति विनोद कुमार और पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आलोक कुमार ने फीता काटकर गाय का पूजन करके किया। इसमें डॉ राजेश कुमार ने पशु पालकों को देशी गाय पालने पर जोर दिया और उसके लाभ बताए। पशुओं के खान पान और अधिक दूध प्राप्त करने के लिए किए जाने वाले उपायों से पशुओं में बांझपन होने की जानकारी दी। सावधानी से बांझपन दूर होगा। पशुओं को पूर्ण प्रोटीन युक्त आहार दिए जाने से पशु में दूध देने की निरंतरता बनी रहती है।
चिकित्साधिकारी ने बताया कि मेले में कुल 635 पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इसमें 419 बड़े और 216 छोटे पशु रहे। 236 पशुओं की सामान्य चिकित्सा की गई। 278 पशुओं को कृमि नाशक दवापान, एक को लघु शल्य चिकित्सा, 46 का गर्भ परीक्षण, 67 की बांझपन चिकित्सा, तीन का कृतिम गर्भाधान, एक पशुधन बीमा, चार का अन्य इलाज किया गया। इस दौरान डॉ. जितेंद्र सिंह, पशुधन प्रसार अधिकारी सुधीर कुमार यादव, राजीव कुमार, देवेश कुमार यादव, सलमान मंसूरी, राहुल तिवारी, पैरावेट दिलीप कुमार, अभिषेक कुमार, विपिन कुमार, लालजी आदि मौजूद रहे।