कानपुर देहात। माती स्थित पुलिस लाइन में बुधवार को कानपुर जोन की 27 वीं अंतर जनपदीय जोनल पुलिस वॉलीबॉल कलस्टर प्रतियोगिता शुभारंभ हुआ। पहले दिन की प्रतियोगिता में कानपुर देहात, नगर, इटावा, औरैया, फतेहगढ़, कन्नौज, झांसी, जालौन, ललितपुर नौ टीमों ने प्रतिभाग किया। पहले दिन की प्रतियोगिता में कानपुर देहात व नगर की टीम ने अपना दबदबा कायम रखा। गुरुवार को खिताब के लिए टीमों के बीच महामुकाबले होंगे।
प्रतियोगिता का शुभारंभ पुलिस उपमहानिरीक्षक हरीश चंदर ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।इससे पहले जिलाधिकारी कपिल सिंह, पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय, एएसपी राजेश पांडेय, सीओ सदर संजय वर्मा ने डीआईजी के बैज लगाकर स्वागत किया। वॉलीबाल प्रतियोगिता का पहला मुकाबला कानपुर देहात व ललितपुर के बीच में हुआ।
जिसमें कानपुर देहात ने 21-06 व 21-08 से एकतरफा मैच जीत लिया। दूसरा मुकाबला कानपुर नगर व झांसी के बीच हुआ। जिसमें कानपुर नगर ने झांसी को 21-08 व 21-07 से हरा दिया। तीसरा मैच इटावा और कन्नौज के बीच खेला गया। जिसमें कन्नौज की टीम ने 21-11 व 21-18 अंक से जीत दर्ज की। सेपक टकरा प्रतियोगिता का पहला सेमीफाइलन कन्नौज व कानपुर नगर के बीच हुआ। जिसमें कानपुर नगर 21-07 व 21-04 से विजयी रहा। दूसरे सेमीफाइनल में कानपुर देहात की टीम ने ललितपुर की टीम को 21-04 व 21-03 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। महामुकाबले में कानपुर नगर व देहात के बीच कड़ी टक्कर हुई।
इसमें कानपुर नगर ने 21-19 व 21-16 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया। एसपी श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने बताया कि गुरुवार सुबह आठ बजे वॉलीबाल प्रतियोगिता का पहला सेमीफाइनल कानपुर नगर व जालौन के बीच होगा। जबकि दूसरा सेमीफाइलन कानपुर देहात व कन्नौज के बीच होगा। इसके बाद फाइनल मुकाबला करवाया जाएग। इसके साथ ही महिला वर्ग की वॉलीबाल व सेपक टकरा प्रतियोगिता भी होगी। इस दौरान सीओ ट्रैफिक आलोक कुमार, जिला कमांडेंट होमगार्डस राजेश कुमार सिंह, प्रतिसार निरीक्षक प्रेमचंद्र शुक्ला, अकबरपुर थानाध्यक्ष हरमीत सिंह आदि मौजूद रहे।