शिवली। हथिका गांव में शनिवार की रात घर में बिजली के पंखे का प्लग लगाते समय एक बुजुर्ग की करंट की चपेट में आने से जान चली गई। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। पुलिस ने पंचनामा के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया।
हथिका गांव निवासी हरिप्रसाद शुक्ला (73) शनिवार की रात में घर में पंखे का प्लग लगा रहे थे। उसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गए। करंट का झटका लगने पर वह बेहोश होकर जमीन पर गिर गए।
पत्नी सरला के शोर मचाने पर परिजन और आसपास के लोग दौड़े और हरिप्रसाद को इलाज के लिए सीएचसी ले गए। वहां ड्यूटी पर मौजूद डॉ. सुमित ने मृत घोषित कर दिया।
हरिप्रसाद की मौत से पत्नी सरला, बेटे संतोष, पुत्री रश्मी व बबली का रोकर बुरा हाल रहा। रोते-रोते सभी बदहवास हो गईं। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने मौका मुआयना किया। परिजनों के पोस्टमार्टम कराने से मना करने पर पुलिस ने शव उन्हें सौंप दिया।