रसूलाबाद। मजनू गांव के पास से निकली रामगंगा नहर में नहाते समय डूब रहे चचेरे भाई को कक्षा नौ के छात्र ने बचा लिया पर वह खुद तेज बहाव में बह गया।
परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जाल डलवाकर गोताखोरों व दमकलकर्मियों की मदद से छात्र की तलाश शुरू कराई है। देर रात तक छात्र का कुछ पता नहीं चला था। इस पर पीएसी की फ्लट टीम को भी बुलाया गया।
मंगनू जोत गांव निवासी अतुल मिश्रा का बेटा आरजू (13) कस्बे के आरपीएस इंटर कॉलेज में कक्षा नौ का छात्र है। वह मां सुलोचना देवी, छोटे भाई पीयूष, प्रिंस व बहन आलिया के साथ कस्बा के सुभाष नगर में किराये के मकान में रहता है।
अतुल मिश्रा दिल्ली में रहकर प्राइवेट नौकरी करते हैं। आरजू की रविवार को स्कूल की छुट्टी होने के चलते शनिवार शाम वह साइकिल से अपने गांव मंगनू पहुंच गया। रविवार सुबह करीब नौ बजे चचेरे भाई रितिक व गांव के ही विमल कुमार के बेटे हर्ष के साथ रामगंगा नहर नहाने गया।
वहां चचेरा भाई रितिक गहरे पानी में डूबने लगा तो आरजू ने उसे खींचकर बाहर कर दिया, लेकिन वह खुद पानी के तेज बहाव में बह गया। इसके बाद उन लोगों ने गांव पहुंचकर परिजनों को घटना की सूचना दी। परिजनों ने पहले आरजू को खुद तलाश किया।
जब पता नहीं चला तो सुबह करीब दस बजे पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी सुरजीत सिंह ने स्थानीय को गोताखोरों व दमकल की टीम की सहायता से आरजू की नहर में तलाश शुरू कराई।
जानकारी पर मौके पर नायब तहसीलदार डाॅ. अर्चना शर्मा, सिंचाई विभाग के एसडीओ आलोक श्रीवास्तव समेत कई अफसर पहुंच गए। सिंचाई विभाग के एसडीओ ने बताया कि ऊपर से नहर का पानी बंद करा दिया गया है।
थाना प्रभारी सुरजीत सिंह ने बताया कि पीएसी की फ्लट टीम को भी बुलाया गया। देर रात तक नहर में डूबे छात्र का पता नहीं चला है। सोमवार को भी नहर में छात्र की खोज शुरू कराई जाएगी।