कानपुर देहात। मैं गाउंगी तो लोग क्या कहेंगे, मेरी तो आवाज भी इतनी अच्छी नहीं, किसी ने टोक दिया तो क्या करूंगी, मेरी तो हिम्मत नहीं। इस उहापोह में घंटों उलझने के बाद अब्बू ने हिम्मत बढ़ाई तो कॉलेज में पहली बार माइक थामा।
जिसे सुनकर डीएम ने कानपुर देहात महोत्सव का थीम सांग गाने का मौका दिया। यह कहना है अकबरपुर कस्बा निवासी साजिया का। अब उनकी आवाज महोत्सव में गूंजेगी।
अकबरपुर के अशोक नगर वार्ड 13 निवासी किसान अतीक अहमद के परिवार में पत्नी रबिया बेगम, बेटी अजरा (24), बेटा उवैज(22), बेटी साजिया(17) और इकरा(15) हैं। साजिया अकबरपुर इंटर कॉलेज में इंटर की छात्रा है।
20 दिसंबर को महिला कल्याण विभाग की ओर से कॉलेज में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ के तहत कार्यक्रम आयोजित हुआ था। इसके लिए साजिया ने एक गाना तैयार किया था। इसके बाद भी वह मंच पर जाने में झिझक महसूस कर रही थीं।
अब्बू अतीक अहमद ने उसका मनोबल बढ़ाया तो साजिया ने बेहतर प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में मौजूद डीएम नेहा जैन और जिला प्रोबेशन अधिकारी चंद्रभूषण को साजिया की आवाज भा गई। डीएम ने प्रोबेशन अधिकारी के माध्यम से साजिया को दफ्तर बुलाया और उसे कानपुर देहात महोत्सव का थीम सांग गाने को कहा तो वह घबरा गई।
इस पर डीएम ने उसका मनोबल बढ़ाया। इसके बाद प्रोबेशन अधिकारी उसे लखनऊ के स्टूडियो ले गए जहां उसका गाना रिकॉर्ड हुआ। अब सोमवार से ईको पार्क में शुरू होने वाले कानपुर देहात महोत्सव में साजिया का गाया थीम सांग 12 फरवरी तक गूंजेगा। रविवार को प्रोबेशन अधिकारी साजिया का मनोबल बढ़ाने उसके घर पहुंचे थे।
कुमार विश्वास के लिए लिखी है शायरी
जिला प्रशासन साजिया की मुलाकात कवि कुमार विश्वास, गायक कैलाश खेर, मालिनी अवस्थी सहित अन्य कलाकारों से कराएगा। इसको लेकर साजिया में उत्साह है। साजिया ने कुमार विश्वास के लिए एक शायरी भी लिखी है।
समाज के डर से छिपा रखी थी कला
साजिया ने बताया कि शायरी और गाना गाने का उसे बहुत पहले से शौक है। समाज के डर से उसने अपनी कला छुपा रखी थी। अब जब कला सामने आ गई तो घरवाले और समाज के लोग उसका समर्थन कर रहे हैं।