कानपुर देहात। केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति 13 सितंबर को मूसानगर के अखंड परमधाम आश्रम हनुमान मंदिर में 573 दिव्यांगों को उपकरण बाटेंगी। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर एडीएम (प्रशासन) पंकज वर्मा ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने सभी अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी। दिव्यांगों को ब्लाक से कार्यक्रम स्थल तक लेकर आने और फिर वापस पहुंचाने की जिम्मेदारी एआरटीओ को दी।
एडीएम ने कहा कि कार्यक्रम की सभी तैयारी समय से पूरी कर ली जाएं। एआरटीओ मनोज कुमार वर्मा से कहा कि दस ब्लाकों से आने वाले दिव्यांगों को कार्यक्रम स्थल तक लेकर आने के लिए 16 बसों का इंतजाम किया जा रहा है। मलासा, अमरौधा, झींझक, मैथा ब्लाक में दो-दो बसें उपलब्ध रहेंगी। बाकी के छह ब्लाकों में एक-एक बस रहेगी। सभी बसें 13 सितंबर को सुबह पांच बजे ब्लॉक में पहुंच जाएंगी। डीपीआरओ को कार्यक्रम स्थल में सफाई कराए जाने को कहा गया। सीएमओ डॉ. हीरा सिंह को कार्यक्रम स्थल पर एंबुलेंस और डॉक्टरों की टीम तैनात रखने को कहा गया। बैठक में सीओ अकबरपुर अर्पित कपूर, समाज कल्याण अधिकारी विकास संतोष पाठक समेत कई विभागों के अफसर मौजूद रहे। मूसानगर प्रतिनिधि के मुताबिक एलिम्को के मैनेजर मुकेश मिश्रा और जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ने कार्यक्रम स्थल का मौका मुआयना किया।