कानपुर देहात में कानपुर-झांसी हाईवे पर डीघ गांव के समीप रविवार सुबह निजी बस की टक्कर से मोपेड सवार होमगार्ड रामआसरे (50) घायल हो गए, जबकि उनके साथ जा रहे रिश्तेदार की मौत हो गई। पुलिस ने घायल होमगार्ड को देवीपुर सीएचसी में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
रामआसरे रविवार सुबह करीब आठ बजे गिरदौं से मोपेड पर जिला मुख्यालय में ड्यूटी करने जा रहे थे। उनके साथ डेरापुर थाना क्षेत्र के तिवारीपुर निवासी रिश्तेदार मातादीन (55) भी थे। डीघ गांव के पास लिंक रोड से कानपुर-झांसी हाईवे पर मुड़ते समय झांसी की ओर से आ रही निजी बस ने मोपेड में टक्कर मार दी। हादसे में मोपेड चला रहे रामआसरे घायल हो गए, जबकि उनके रिश्तेदार की मौत हो गई।