बारा टोल प्लाजा के पास हाइवे पर जलता ट्रक।
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात/रनियां। बारा टोल के पास शुक्रवार सुबह खड़े ट्रक की केबिन में संदिग्ध हालत में आग लग गई। इससे ट्रक के अंदर मौजूद मालिक की जलकर मौत हो गई। मालिक खुद ट्रक चलाता था। घटना के बाद से क्लीनर फरार है। हाइवे पर ट्रक से आग की लपटें निकलती देख हड़कंप मच गया। पुलिस और दमकल ने आग पर काबू पाया।
इटावा के नगला गिरंद्र भरथना निवासी महेंद्र सिंह (50) कानपुर से ट्रक में तिली लादकर ग्वालियर जा रहे थे। बारा टोल के पास ट्रक खड़ा करके एक ढाबे में चाय पीने गए। इसके बाद आकर ट्रक में बैठ गए। काफी देर तक ट्रक खड़ा रहा। इसके बाद अचानक ट्रक की केबिन में आग लग गई। यह देख आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। बारा चौकी इंचार्ज गजेंद्र सिंह ने माती और भोगनीपुर से दमकल कर्मियों को बुलाया। एक घंटे की मशक्कत के बाद पूरी तरह से आग पर काबू पाया गया। इस बीच महेंद्र की जलकर मौत हो गई। हालांकि ट्रक में लदी तिली जलने से बच गई। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
लोग घटना को संदिग्ध मान रहे हैं। आग लगने पर खड़े ट्रक से कूदकर महेंद्र सिंह के न निकलने की बात गले नहीं उतर रही है। मृतक के चेचेर भाई नरेंद्र चौहान ने बताया कि महेंद्र के पास एक ही ट्रक था। इसे खुद चलाकर वह जीवन यापन कर रहा था। बारा चौकी इंचार्ज गजेंद्र सिंह ने बताया कि ट्रक में क्लीनर के साथ होने की जानकारी मिली है। वह घटना के बाद फरार है। उसकी तलाश की जा रही है।
ट्रक में आग लगने की सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने आग को केबिन से बाहर फैलने से बचा लिया। इससे ट्रक में लदी तिली जलने से बच गई। वहीं ट्रक के टायर और पीछे का हिस्सा बच गया।