रायपुर के पास हाइवे पर पलटा पड़ा ट्रक व फैली सेब की पेटियां।
- फोटो : AKBARPUR
रनियां (कानपुर देहात)। अकबरपुर क्षेत्र के रायपुर के पास एक कोल्ड स्टोर के सामने टायर फटने से सेब की पेटियां लदा ट्रक हाईवे पर पलट गया। हादसे में चालक व खलासी बाल-बाल बच गए। ट्रक के हाईवे पर पलटने से जाम लग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने वाहनों को सर्विस लेन से गंतव्य को रवाना किया। पुलिस ने हाईवे पर पड़े ट्रक को हटवा कर ट्रैफिक व्यवस्था सुचारु कराई।
जम्मू कश्मीर से एक ट्रक सेब की पेटियां लादकर लादकर पटना बिहार जा रहा था। सोमवार की सुबह रायपुर के पास नीलम कोल्ड स्टोर के सामने ट्रक के आगे की ओर बायां टायर अचानक फट गया। इससे ट्रक अनियंत्रित होकर हाईवे पर पलट गया। सेब की पेटिया हाईवे पर बिखर गईं। हादसे में ट्रक चालक मंजूर अहमद व खलासी उमर मोगरई निवासी जम्मू कश्मीर बाल-बाल बच गए। ट्रक पलटने के कारण हाईवे की मुख्य लेन पर जाम लग गया। इसके चलते वाहनों को सर्विस लेन से निकाला गया। हादसे की जानकारी पर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और हाईवे पर पलटे ट्रक को सीधा कराया गया। तब ट्रैफिक व्यवस्था सुचारु हो सकी। चौकी प्रभारी अमर सिंह ने बताया कि ट्रक पलटने से कोई जनहानि नहीं हुई है। टायर पलटने से ट्रक पलटा है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
बिखरी सेब की पेटियां ले गए लोग
रायपुर के पास हाईवे पर सेब लदा ट्रक पलटने का फायदा आसपास के लोगों ने जमकर उठाया। लोग सड़क पर बिखरी पड़ी सेब की पेटियां उठाकर ले गए। वहीं, मौके से गुजर रहे राहगीर भी बिखरे सेब ले गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने बिखरी सेब की पेटियों को एक जगह एकत्रित कराया। इसके बाद ट्रक व सेब की पेटियों को सड़क से हटवाया।