झींझक (कानपुर देहात)। झींझक स्टेशन में अप और डाउन लाइनों के बीच मेमो पर चढ़ने के लिए जाते युवक की राजधानी की चपेट में आकर मौत हो गई। वह कानपुर मेमो में सवार होने के लिए अप और डाउन लाइनों के बीच में खड़ा था। जीआरपी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जानकारी पाकर पहुंचे परिजन शव देखकर बदहवास हो गए।
रुरा थाना के गैजूमऊ गांव निवासी शिव कुमार का पुत्र कुलदीप उर्फ दीपू (35) पिछले कई महीनों से मंगलपुर कस्बे में परिवार समेत किराये के मकान में रहता था। वह रोजाना कानपुर में मजदूरी करने के लिए ट्रेन से जाता था। गुरुवार की सुबह वह झींझक स्टेशन पर फफूंद कानपुर मेमो पर सवार होने के लिए आया था। मेमो आने की सूचना हुई तो वह ट्रेन पर चढ़ने के लिए प्लेटफार्म की उल्टी साइड खड़ा हो गया। सुबह 6: 35 पर मेमो स्टेशन पर पहुंची। कुलदीप ट्रेन में चढ़ने के लिए अप व डाउन की पटरियों के बीच आगे बढ़ा। उसी समय 6:36 पर अप की सियालदा नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस आ गई। कुलदीप उसकी चपेट में आ गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। स्टेशन मास्टर रवि वर्मा की सूचना पर जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर मृतक के पास मिले मोबाइल फोन से परिजनों को सूचना दी। स्टेशन पहुंची मृतक की पत्नी गीता, पुत्रियां अंजली, खुशबू, रीतिका, नीशू, मां राम दुलारी और पिता शिव कुमार बिलख पड़े। बता दें कि सात माह के अंदर गैजूमऊ गांव निवासी शिव कुमार के दो बेटों की मौत हो गई।