बहोरापुर में हरे पेड़ काटने की जांच करते वन कर्मी। संवाद
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। भोगनीपुर वन रेंज के बहोरापुर गांव (राजपुर) में लकड़ी ठेकेदार ने अवैध रूप से सागौन, नीम व गूलर के 24 हरे पेड़ चोरी छिपे काट डाले। लकड़ी उठान के वक्त इसकी जानकारी वन विभाग को लगी। इस पर मौके पर पहुंचे वन कर्मियों ने ट्रैक्टर व लोडर सीज किया है। मौके से आरा, रस्सी आदि बरामद की गई है।
भोगनीपुर वन रेंज का इलाका अवैध रूप से हरे पेड़ों की कटान के लिए जाना जाता है। वहीं, वन विभाग की टास्क फोर्स को यहां हरे पेड़ों की कटान की भनक तक नहीं लग पाती है। बहोरापुर गांव के समीप लकड़ी ठेकेदार ने चोरी छिपे सागौन, नीम व गूलर के 24 हरे पेड़ों की कटान करा ली।
सोमवार को किसी ने इसकी सूचना डीएफओ को दी। डीएफओ के निर्देश पर वन रेंजर छेदालाल, बीट प्रभारी दरोगा इंद्रेश कुमार यादव, वन कर्मी प्रह्लाद कुमार, मोनू व नरेश कुमार मौके पर पहुंचे। वहां टीम को देख लकड़ी उठान कराते ठेकेदार व अन्य कर्मी भाग निकले।
मौके पर ठेकेदार का ट्रैक्टर व लोडर मिला। इसे वन विभाग की टीम ने सीज कर दिया। वन रेंजर छेदालाल ने काटे गए हरे पेड़ों की मोटाई आदि का ब्योरा अंकित किया है। उन्होंने बताया कि जांच में सागौन के 18, नीम के चार और गूलर के दो हरे पेड़ों की कटान पाई गई।
ठेकेदार के विरुद्ध वन अधिनियम में कार्रवाई की जाएगी। डीएफओ एके द्विवेदी ने बताया कि लकड़ी ठेकेदार के वाहनों को सीज किया गया है। नियमानुसार कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। अवैध रूप से हरे पेड़ों की कटान रुके इसके लिए टास्क फोर्स प्रभारी को अलर्ट रहने को कहा गया है।