घायल 108 एंबुलेंस का चालक जयप्रकाश।
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। जिला अस्पताल में शुक्रवार की दोपहर 108 नंबर एंबुलेंस में लगा आक्सीजन सिलिंडर का आक्सी फ्लो मीटर धमाके के साथ फट गया। इससे अस्पताल में हड़कंप मच गया। एंबुलेंस का चालक घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह तो शुक्र रहा कि हादसे के वक्त एंबुलेंस में मरीज नहीं था।
अकबपुर के सिंघसियापुर गांव की शबनम ने बेटे को जन्म दिया था। असामान्य बच्चे को सीएसची से जिला अस्पताल के सिक न्यू बार्न केयर यूनिट में भर्ती कराया गया था। हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने बच्चे को हैलट अस्पातल कानपुर रेफर कर दिया। बच्चे को हैलट ले जाने के लिए परिजनों ने 108 नंबर एंबुलेंस को फोन करके बुलाया। घाटमपुर के बारी भीतरगांव निवासी चालक जय प्रकाश (24) एंबुलेंस लेकर अस्पताल पहुंचा। एंबुलेंस में तैनात मेडिकल टेक्नीशियन मरीज को लेने वार्ड में चला गया। उसी दौरान चालक एंबुलेंस में लगा आक्सीजन सिलिंडर तैयार करने लगा। तभी उसका आक्सी फ्लो मीटर फट गया। इससे जय प्रकाश घायल हो गया। बच्चे को दूसरी एंबुलेंस से हैलट भेजा गया।