हसनगंज (उन्नाव)। कोतवाली क्षेत्र की मोहान चौकी से करीब पांच सौ मीटर कमालपुर में नकली सीमेंट बनाने के मामले में ग्राम प्रधान समेत सात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने दो को गिरफ्तार करके जेल भी भेज दिया है। जबकि पांच आरोपी अभी फरार हैं।
गुरुवार को एसडीएम प्रदीप वर्मा ने तहसीलदार लालधर यादव व राजस्व कर्मियों के साथ कमालपुर में बन रही नकली सीमेंट फैक्टरी में छापा मारा था। मौके से तीन ट्राली भरी हुई नामी कंपनियों की 219 भरी हुई बोरियां और 10 खाली बोरियों में नकली सीमेंट पाउडर मिला था। दो दुरमुट, दो छन्ना, दो चोगा बोरियों सीमेंट भरने के काम आने वाली कुप्पी व सिलाई मशीन भी मिले थी। इसके अलावा एक ट्रैक्टर ट्राली, लोडर भी मिला था। टीम ने इसे पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया था। पुलिस ने कमालपुर ग्राम प्रधान रामकुमार गौतम सहित सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी।
शुक्रवार को पुलिस ने नामजद आरोपियों में लखनऊ के थाना पारा भट्टामऊ बुद्धेश्वर निवासी अभय प्रताप सिंह, और सीतापुर जिले के मिश्रिख निवासी अजय को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जबकि अन्य आरोपियों में सत्यदेव तिवारी भट्टामऊ बुधेश्वर थाना पारा जनपद लखनऊ, भदौरिया ट्रेडर्स थाना पारा लखनऊ, रामू थाना पारा जिला लखनऊ, हसनगंज कोतवाली के गांव कमालपुर के प्रधान राजकुमार गौतम, इसी गांव के विवेक और अशोक तक पुलिस अभी नहीं पहुंच पाई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। एसओ हरि प्रसाद अहरवार ने बताया कि फरार चल रहे आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।