गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के त्रिभुवनखेड़ा के पास जाजमऊ हाईवे पर गुरुवार को सुबह चलती डीसीएम में आग लग गई। चालक ने धू-धूकर जल रही डीसीएम को बीच सड़क पर रोक दिया और कूदकर अपनी जान बचाई। फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस बीच लगभग डेढ़ घंटे तक जाजमऊ हाईवे पर जाम लगा रहा।
गुरुवार की सुबह लगभग 9:15 बजे लखनऊ से कानपुर की ओर कबाड़ का गत्ता लादकर जा रही एक डीसीएम के पिछले हिस्से में आग लग गई। चालक डुमरियागंज के सिद्धार्थनगर निवासी अजय मिश्रा ने त्रिभुवनखेड़ा के पास जाजमऊ हाईवे पर डीसीएम को रोकने के बाद कूदकर जान बचाई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आसपास से गुजर रहे अन्य वाहनों को रोक दिया। फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने पहुंचकर एक घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझाई।
इस बीच वहां अफरातफरी मची रही। जाजमऊ हाईवे पर लगभग डेढ़ घंटे तक जाम लगा रहा। उधर, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनुराग सिंह ने बताया कि घटना में कोई भी हताहत नहीं हुआ है। चालक ने शार्ट सर्किट से आग लगने का आशंका जताई है। लखनऊ-कानपुर लेन पर डेढ़ घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। डीसीएम को किनारे कराकर जाम खुलवाया गया। पुलिस ने बताया कि डीसीएम कानपुर निवासी सौरभ मिश्रा की है।