सेंट्रल पर उमड़ी परीक्षार्थियों की भीड़
- फोटो : अमर उजाला
पीसीएस (प्री) और वन अधिकारी परीक्षा रविवार को है। इसमें शामिल होने के लिए शनिवार देर रात सेंट्रल स्टेशन पर परीक्षार्थियों की भीड़ उमड़ पड़ी। देश के अलग-अलग हिस्सों से हजारों परीक्षार्थी स्टेशन पहुंचे। रात 10 बजे के बाद से लगातार ट्रेनों से परीक्षार्थियों आना-जाना बना रहा। गाजियाबाद से आई ट्रेन से एक साथ तीन हजार परीक्षार्थियों के उतरने से प्लेटफॉर्म पर कदम रखने की जगह नहीं बची।
पुल से लेकर प्लेटफॉर्म नंबर 10 तक यात्रियों की भीड़ रही। रेलवे प्रशासन ने परीक्षार्थियों को होल्डिंग एरिया में भेजा। जीआरपी और आरपीएफ के जवान माइक से लगातार यात्रियों को अपने सामान की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने की अपील करते रहे। कई परीक्षार्थी तो स्टेशन में ही रुक गए और जहां जगह मिली वहीं चादर बिछाकर आराम करने लगे। कोई सीढ़ियों के किनारे तो कोई वेटिंग एरिया या प्लेटफॉर्म पर ही आराम करता नजर आया।
झांसी, आगरा और गाजियाबाद रूट की ट्रेनों में स्लीपर तक में कब्जा
शहर के कई परीक्षार्थियों के परीक्षा केंद्र दूसरे जिलों में भी बनाए गए हैं। इससे यहां से जाने वालों की भीड़ भी स्टेशन पर पहुंची। बाहर जाने वाले परीक्षार्थियों ने झांसी, लखनऊ, प्रयागराज और गाजियाबाद रूट की ट्रेनों के जनरल कोच से लेकर स्लीपर तक में कब्जा कर लिया। आम्रपाली, महाबोधि, पुरुषोत्तम एक्सप्रेस सहित करीब 12 ट्रेनों में पैर रखने की जगह नहीं बची।