बाबूपुरवा थाने में ड्यूटी के दौरान लापरवाही मिलने पर अपर पुलिस आयुक्त डॉ. विपिन टाडा (कानून एवं व्यवस्था) ने सोमवार देर रात रात्रि अधिकारी अमर सिंह को लाइन हाजिर कर दिया। औचक निरीक्षण के दौरान थाने के गेट और अंदर कुछ लोग मौजूद मिले। रात्रि अधिकारी उनकी मौजूदगी का संतोषजनक जवाब नहीं दे सके, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।
सोमवार देर रात अपर पुलिस आयुक्त अचानक बाबूपुरवा थाने पहुंचे। गेट पर कुछ लोगों को खड़ा और अंदर बैठे देखकर उन्होंने रात्रि अधिकारी अमर सिंह से जानकारी मांगी, लेकिन वह स्पष्ट जवाब नहीं दे सके। थाना प्रभारी से फोन पर संपर्क करने पर पता चला कि वह सेंटर पार्क में आयोजित रामलीला कार्यक्रम में ड्यूटी कर रहे थे। इसके बाद अपर पुलिस आयुक्त ने अमर सिंह को तत्काल लाइन हाजिर कर दिया। थाने पहुंचे इंस्पेक्टर ने स्पष्ट किया कि मौजूद लोग एक मामले में बंद आरोपी के परिजन थे। हालांकि, तब तक रात्रि अधिकारी पर कार्रवाई हो चुकी थी।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त ने थाने के अभिलेखों की जांच की। महिला अपराध से संबंधित शिकायतों और उनके निस्तारण की जानकारी ली। हवालात और मालखाने का भी निरीक्षण किया। स्पष्ट किया कि ड्यूटी में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।