कानपुर के घाटमपुर क्षेत्र में पिछले तीन दिन से लगातार हो रही बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। बारिश के कारण खेतों में खड़ी फसलों पर असर दिखाई देने लगा है। कई जगह धान की फसल गिर गई है, जबकि उड़द और तिल की फसल भी बारिश से प्रभावित हो रही है। किसानों को मौसम साफ नहीं होने पर फसलों में और नुकसान की चिंता सताने लगी है।
लगातार बारिश और तेज हवा के कारण कुछ खेतों में धान की खड़ी फसल जमीन पर गिर गई है। किसानों का कहना है कि यदि मौसम इसी तरह बना रहा तो धान की और फसल गिर सकती है। इससे बालियां जमीन से लगने के कारण फसल की गुणवत्ता और पैदावार प्रभावित होने की आशंका है। धान की कटाई का समय नजदीक होने से किसानों की परेशानी और बढ़ गई है।