खाकी पर एक बार फिर से रुपये छीनने का गंभीर आरोप लगा है। इस बार यह आरोप सरसौल के बिल्डिंग मेटेरियल कारोबारी ने लगाया है। कारोबारी ने मंगलवार को आपबीती का एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया। साथ ही डीसीपी पूर्वी से लिखित शिकायत की है।
सरसौल निवासी सरिया सीमेंट कारोबारी शीलू यादव ने डीसीपी पूर्वी को शिकायती पत्र दिया। आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले क्राइम ब्रांच व सरसौल चौकी के दरोगाओं ने इलाके में जुआ पकड़ा था। इसमें 20 अज्ञात लोगों के साथ उनका नाम भी डाल दिया। आरोप है कि 18 सितंबर को वह गाड़ी से खेत की ओर जा रहे थे। रास्ते में चौकी के दरोगाओं ने रोक लिया और चौकी ले गए। वहां पीटने के बाद छोड़ने के एवज में दो लाख रुपये की मांग की।
इतने रुपये देने में असमर्थता जताई तो जेब में पड़े 26 हजार रुपये निकाल लिए। विरोध पर धमकाते हुए पीटा। दबाव में आकर कुछ दिन बाद 24 हजार रुपये और देने की बात पर छोड़ा। कारोबारी के अनुसार 22 सितंबर को दोनों दरोगाओं ने एक व्यक्ति को भेजकर रुपये मंगवाए। इससे परेशान होकर डीसीपी पूर्वी को व्हाट्सएप के जरिये शिकायत पत्र दिया है।
दरोगाओं पर लगे आरोपों की जांच एसीपी कैंट को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। - सत्यजीत गुप्ता, डीसीपी पूर्वी