फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कानपुर: ड्रोन से रेकी के बाद आरटीओ में चला सर्च ऑपरेशन, 11 दलाल गिरफ्तार

Mon, 24 Aug 2026 02:56 PM IST
Shikha Pandey न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर

सार

Kanpur News: आरटीओ कार्यालय में छापे से हड़कंप मच गया। सारथी भवन भी जांच के घेरे में है। कार्यालय के दोनों गेट बंद कर भारी पुलिस बल तैनात रहा।
विज्ञापन
इन्हीं ट्रक में बैठाए गए हैं दलाल - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आरटीओ कार्यालय में सोमवार दोपहर स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) और एसडीएम सदर की संयुक्त टीम ने दलालों को पकड़ने के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया। दोपहर 12 बजे ड्रोन से क्षेत्र की रेकी की गई। करीब एक बजे टीम ने पुलिस बल के साथ परिसर को घेरकर दोनों मुख्य गेट बंद करा दिए। इस बीच कई संदिग्ध बाउंड्री फांदकर भाग निकले। कार्रवाई में मौके से 18 लोग पकड़े गए। इसमें 11 को दलाली करने के मामले में गिरफ्तार किया गया, जबकि सात लोगों को छोड़ दिया गया।

विज्ञापन



गिरफ्तार लोगों के अलावा दो अज्ञात पर भी रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। वहीं दो बाबुओं के कैश मिलान में गड़बड़ी मिलने पर भ्रष्टाचार के आरोप में रिपोर्ट दर्जकर विभागीय कार्रवाई के लिए आरटीओ निदेशालय को पत्र लिखा गया है। सोमवार दोपहर ड्रोन से निगरानी के बाद टीम ने आरटीओ कार्यालय के बाहर सड़क किनारे दुकानें लगाकर बैठे संदिग्ध दलालों को पकड़ना शुरू किया। इसके बाद एडीसीपी ऑपरेशन सुमित सुधाकर रामटेके, एसडीएम सदर अनुभव सिंह, नायब तहसीलदार सृजन और स्वाट प्रभारी मनीष कुमार पुलिस बल के साथ परिसर में दाखिल हुए। गेट बंद कराने के बाद टीम ने कार्यालय के अलग-अलग हिस्सों की जांच शुरू की।

विज्ञापन

आरटीओ कार्यालय में छापा - फोटो : अमर उजाला
सबसे पहले रिकॉर्ड रूम में फाइलें निकाल रहे चार लोगों से पूछताछ की गई। उनसे विभाग की ओर से जारी आई-कार्ड मांगा गया लेकिन वे नहीं दिखा सके। पूछताछ के बाद उन्हें पुलिस वाहन में बैठा लिया गया। इसके बाद टीम कैश बाबू विपिन कुमार के काउंटर पर पहुंची। वहां मौजूद हमीरपुर के वाहन स्वामी कामता प्रसाद ने बताया कि उसके टैंकर का चालान काटा गया था। उसे 21 हजार रुपये की रसीद दी गई जबकि उससे 26 हजार रुपये लिए गए। शिकायत के बाद टीम ने काउंटर पर रखी रसीदों और दराज में रखी नकदी का मिलान कराया। करीब तीन लाख रुपये कैश मिला लेकिन रसीदों के हिसाब से सात हजार रुपये कम थे। पूछताछ में बाबू ने बताया कि एक व्यक्ति रसीद लेकर आया था पर पुलिस को देखकर भाग गया। हालांकि अधिकारी जवाब से संतुष्ट नहीं हुए।


 

इन्हीं ट्रक में बैठाए गए हैं दलाल - फोटो : अमर उजाला
इसके बाद टीम चालान बाबू मधुर मिश्रा के कमरे में पहुंची। वहां एक वाहन स्वामी से उसकी चालान रसीद के बारे में जानकारी ली गई। पूछताछ में बाबू ने खुद रसीद काटने की बात कही, जबकि वाहन स्वामी ने दूसरे व्यक्ति का नाम बताया। रसीदों और नकदी के मिलान में दराज से 94 हजार रुपये अतिरिक्त मिले। रकम के बारे में कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला। हालांकि एक बाबू ने इसे नीलामी की राशि बताया। इस पर एसडीएम ने नीलामी रजिस्टर मंगाकर रिकॉर्ड की जांच की। अलग-अलग जवाब से अधिकारी संतुष्ट नहीं हुए।

 
विज्ञापन

दो बाबू समेत 11 नामजद व दो अज्ञात पर रिपोर्ट
आरटीओ दफ्तर में हुई कार्रवाई के मामले में दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। पहली एफआईआर पुलिस की ओर से दर्ज कराई गई है जिसमें दो बाबू मधुर मिश्रा और विपिन कुमार समेत 13 दलाल शामिल हैं। इनमें वीरेंद्र बहादुर सिंह, सौरभ तिवारी, दिलीप कुमार सिंह, विशाल अवस्थी, रामचंद्र शुक्ला, बृजमोहन नेगी, विपिन गुप्ता, आदेश कुमार बाजपेई, मनीष गौतम, कमल धारियां और धर्मेंद्र दिवाकर के अलावा दो अज्ञात हैं। दूसरी एफआईआर वाहन स्वामी कामता प्रसाद ने दर्ज कराई है। आरोप है कि 26 हजार रुपये लेने के बावजूद बाबू ने उन्हें 21 हजार रुपये की रसीद दी गई।

सारथी भवन में ऑपरेटरों की जांच
आरटीओ कार्यालय के बाद टीम सारथी भवन पहुंची और स्क्रूटनी का काम करने वाले कंप्यूटर ऑपरेटरों के काउंटरों की जांच की। उनके आधार कार्ड से पहचान का सत्यापन किया गया और पूछताछ के बाद आई-कार्ड लौटा दिए गए।
वर्जन

लगातार मिल रहीं शिकायतों को देखते हुए छापा मारा गया था। इसमें 11 दलालों को गिरफ्तार किया गया है। दो अज्ञात के अलावा दो बाबुओं के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए निदेशालय पत्र भेजा गया है। इसके साथ जांच के दौरान जिन अभिलेखों में खामियां मिली हैं उनकी जांच कर संबंधित कर्मचारी पर कार्रवाई की जाएगी। - अनुभव सिंह, एसडीएम सदर

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें