कानपुर। कानपुर सुपर प्रीमियर लीग (केएसपीएल) के उद्घाटन मैचों में कानपुर क्रिकेटर्स ने राइजिंग सुपर स्टार्स को दो रन से पराजित किया। दूसरे मुकाबले में एस्पिरिस ने रॉयल फिनिशर्स को 53 रन से शिकस्त दी। तीसरे मैच में नाइस गोल्ड ने केएसके को 38 रन से हराया।
जाजमऊ स्थित एससीजी मैदान पर कानपुर क्रिकेटर्स ने 25 ओवर में आठ विकेट पर 221 रन बनाए। अभिषेक ने शानदार 77 रन की पारी खेली। अतुल वर्मा ने 41 और आशीष ने 26 रन का योगदान दिया। रंजीत ने चार, मयंक और आकाश ने दो-दो विकेट लिए। राइजिंग सुपर स्टार्स की टीम 25 ओवर में छह विकेट पर 219 रन ही बना सकी। रंजीत और सार्थक ने 58-58 रन बनाए। हिमांशु और आदित्य ने दो-दो विकेट झटके। अभिषेक को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
पनकी स्थित मनीष मल्होत्रा क्रिकेट मैदान पर एस्पिरिस ने 25 ओवर में आठ विकेट पर 205 रन बनाए। अंकुश ने 64 रन और कर्मेंद्र पांडे ने 51 रन की अर्द्धशतकीय पारी खेली। राहुल, रोहित और आरके बाजपेई ने दो-दो विकेट लिए। रॉयल फिनिशर्स की पूरी टीम 20.2 ओवर में 152 रन पर सिमट गई। राहुल ने 36 और रोहित ने 21 रन बनाए। काका ने तीन, कर्मेंद्र पांडे और अजय ने दो-दो विकेट झटके। कर्मेंद्र पांडे को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।
जेम्स मैदान पर नाइस गोल्ड ने 25 ओवर में छह विकेट पर 194 रन बनाए। जाफर ने 60 रन और अरशद ने 34 रन बनाए। नीरज ने दो विकेट लिए। केएसके की पूरी टीम 24.2 ओवर में 156 रन पर सिमट गई। फरहान ने सर्वाधिक 46 रन बनाए। अमन और अरुण ने चार-चार विकेट झटके। शानदार गेंदबाजी के लिए अमन को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।