गुजैनी थानाक्षेत्र के जरौली में बृहस्पतिवार सुबह स्कूल के लिए घर से निकले कक्षा छह के दो 11 वर्षीय छात्र लापता हो गए। दोनों चचेरे भाई हैं। सुबह स्कूल नहीं पहुंचने पर प्रबंधन ने परिजन को फोन किया। काफी तलाश के बाद भी सुराग नहीं मिलने पर शाम को पुलिस को सूचना दी गई। देर रात तक पता न चलने पर परिजन ने अनहोनी की आशंका जताई।
जरौली निवासी अदिति यादव ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा अभिनव और चचेरा भाई निर्मित इलाके के स्कूल में एक ही कक्षा में साथ पढ़ते हैं। दोनों रोज की तरह सुबह करीब साढ़े आठ बजे स्कूल के लिए निकले थे। साढ़े नौ बजे स्कूल प्रबंधन ने उनके नहीं पहुंचने की जानकारी दी। उनके पास एक टैबलेट भी है। रिश्तेदारों और आसपास तलाश करने के बाद भी उनका पता नहीं चला।
अभिनव के पिता अनिल सेना में कार्यरत हैं और उनकी तैनाती जोगमनी, बिहार में है। निर्मित के पिता गांव में डॉक्टरी करते हैं। गुजैनी इंस्पेक्टर राजन शर्मा ने बताया कि स्कूल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में दोनों साथ जाते दिखे हैं। मामला दर्ज कर पुलिस की टीमें उनकी तलाश कर रही हैं।