गवाह के खिलाफ जारी गैरजमानती वारंट और कारण बताओ नोटिस तामीला कराने में बरती गई अनियमितता पर कोर्ट ने महाराजपुर थाना प्रभारी, दो एसआई समेत चार पुलिस कर्मियों को 29 अगस्त को तलब किया है। एनडीपीएस एक्ट से संबंधित महाराजपुर थाने का वर्ष 2012 का एक मुकदमा अपर जिला जज 21 की अदालत में लंबित है।
लंबित मुकदमे में सुल्तानपुर क्राइम ब्रांच प्रभारी एसएचओ प्रदीप कुमार और हेड कांस्टेबल मलोक चंद्र की गवाही होनी है। कई तारीखों से गवाही देने कोर्ट नहीं पहुंच रहे प्रदीप व मलोक के खिलाफ कोर्ट ने गैरजमानती वारंट व नोटिस जारी की थी। बुधवार को सुनवाई के दौरान थाने के पैरोकार की ओर से रिपोर्ट दाखिल की गई। इसमें लिखा था कि एसआई सुरेश ने गवाह प्रदीप से फोन पर बात की तो उन्होंने दूसरी तारीख कोर्ट से लेने को कहा है। वहीं एसआई रामप्यारे ने गवाह मलोक से व्हाट्सएप पर बात की तो उसने वीआईपी ड्यूटी पर होने और अगली तारीख लेने को कहा है। इस पर कोर्ट ने नराजगी जताते हुए चारों पुलिस कर्मियों को तलब किया है। साथ ही आदेश की प्रति एसीपी चकेरी व डीसीपी पूर्वी को ई-मेल से भेजने के आदेश दिए हैं।