फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लापरवाही: ड्रेसिंग रूम में ताला, पिता ने खुद की बेटे की पट्टी, यहां अव्यवस्थाओं का बोलबाला

Sat, 05 Jun 2021 11:13 AM IST
शिखा पांडेय न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर

सार

कानपुर में दो महीने बाद शुरू हुई उर्सला अस्पताल की सर्जिकल ओपीडी में अव्यस्थाएं मिली। मरीज इलाज के लिए भटकते रहे।
विज्ञापन
उर्सला अस्पताल की सर्जिकल ओपीडी में अव्यवस्थाओं का बोलबाला - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

लगभग दो महीने बाद शुरू हुई उर्सला अस्पताल की सर्जिकल ओपीडी अव्यवस्थाओं की भेंट चढ़ गई। कल्याणपुर से अपने बेटे शिवा को लेकर उर्सला पहुंचे पिता कैलाश बेटे के पैर में घाव पर खुद पट्टी करते नजर आए। उन्होंने बताया कि 11 अप्रैल को बेटे का ई रिक्शा से एक्सीडेंट हो गया था। तब से प्राइवेट डॉक्टर को दिखा रहे थे।
विज्ञापन


यहां ओपीडी का पर्चा बनवाने के बाद डॉक्टर सुरेंद्र बाबू को दिखाया तो उन्होंने दवाएं लिख दीं। पट्टी खोलने के बाद उन्होंने ड्रेसिंग रूम जाकर नई पट्टी करवाने को बोला। उन्होंने बताया कि ड्रेसिंग रूम गए तो ताला पड़ा मिला। इस पर फिर डॉक्टर से ही पट्टी लेकर खुद घाव पर लगाई। सीएमएस डॉ. अनिल निगम ने बताया कि शुक्रवार को उर्सला ओपीडी में 450 मरीज देखे गए, वहीं चार मरीजों का ऑपरेशन किया गया।

दो महीने बाद नंबर आया, अब कह रहे जांचें कराओ 
घंटाघर के रहने वाले बाबूलाल का प्रॉस्टेट ग्लैंड का ऑपरेशन होना है। उन्होंने बताया कि 12 अप्रैल को ऑपरेशन के लिए आए थे, तो जांचें लिखी थीं। उसके बाद से ओपीडी बंद हो गई थी। दो महीने से पेशाब करने में बहुत समस्या हो रही है। निजी अस्पताल वाले बहुत पैसा मांग रहे हैं। ऐसे में आज यहां डॉक्टर को दिखाया तो उन्होंने फिर से जांचें लिख दीं और रिपोर्ट आने के बाद ऑपरेशन के लिए आने को बोला।
विज्ञापन


ठेले पर बैठकर ओपीडी और इमरजेंसी के बीच भटका मरीज
परेड निवासी शंभू दयाल शुक्रवार सुबह घर के बाहर गिरकर चुटहिल हो गए। मोहल्ले वाले उनको एक ठेले पर बैठा कर उर्सला इमरजेंसी लेकर आए। इमरजेंसी से डॉक्टरों ने ओपीडी के लिए रेफर किया, ओपीडी में आने के बाद डॉक्टर बोले कि इमरजेंसी से लिखा के लाओ तब एक्सरे होगा। वह ठेले पर बैठकर इमरजेंसी और ओपीडी के बीच दोपहर तक भटकते रहे।
विज्ञापन

एक महीने से दर्द में कराह रहीं, आज होगा ऑपरेशन
घर के बाहर गिर पड़ी थी। पैर में चोट लगने के बाद पस भर गया है। प्राइवेट अस्पताल में दिखाया तो डॉक्टर बोले ऑपरेशन होने के बाद पस निकाला जाएगा। प्राइवेट अस्पताल में बहुत महंगी फीस मांग रहे थे, इसलिए ऑपरेशन नहीं कराया। एक महीने से रोज दर्द में तड़प रही हूं। यह कहना था उर्सला में पैर का ऑपरेशन कराने पहुंचीं रावतपुर निवासी कमला का। उन्होंने कहा कि शनिवार को डॉक्टर ऑपरेशन करने को कह रहे हैं। 

डफरिन में सामाजिक दूरी दिखी धड़ाम
डफरिन अस्पताल में ओपीडी शुरू होने पर जमकर महिलाओं की भीड़ पहुंची। इसी बीच सोशल डिस्टेंसिंग को धता बताकर पैथोलॉजी विभाग के बाहर लाइन में महिलाएं सटकर खड़ी दिखीं।

केपीएम में एक्सरे मशीन खराब, मरीज परेशान
कमलापत मेमोरियल चिकित्सालय (केपीएम) में शुक्रवार को अस्पताल की सीढ़ियों पर उन्नाव निवासी रूपा कराहती हुई मिलीं। बेटी किरण ने बताया कि मां गुरुवार को घर की सीढ़ियों से गिर गई थीं। यहां अस्पताल में डॉक्टर ने एक्सरे के लिए बोला था। एक्सरे विभाग गए तो वहां बताया गया कि मशीन काम नहीं कर रही है, बाहर से एक्सरे कराओ। छह सौ रुपये में बाहर से एक्सरे कराया है। सूत्रों ने बताया कि एक सप्ताह से एक्सरे मशीन खराब है। सीएमएस डॉ. एसपी गुप्ता ने बताया कि ओपीडी में 202 मरीजों को देखा गया है। सर्जिकल ओटी में ऑपरेशन भी शुरू कर दिए गए हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें