उत्तर प्रदेश के कानपुर में कोरोना के संक्रमण का फैलाव सुस्त पड़ गया है। प्रतिदिन मिलने वाले नए संक्रमितों की संख्या का आंकड़ा घट रहा है लेकिन मौतों का सिलसिला जारी है। कोरोना से 16 और रोगियों की मौत हो गई है। कोरोना संक्रमित मरने वाले रोगियों की कुल संख्या अब 1612 हो गई है।
वहीं 131 नए संक्रमित मिले हैं। इससे करीब पांच गुना अधिक 634 संक्रमित ठीक हो गए। इसके अलावा हैलट और दूसरे कोविड अस्पतालों में रोगियों का गंभीर हालत में इलाज चल रहा है। एक्टिव केस अब 3654 हैं। कोरोना संक्रमित छह रोगियों की मौत हैलट में हुई है और तीन रोगी रामा मेडिकल कालेज में मरे हैं।
इसके अलावा एक की मौत एसजीपीजीआई लखनऊ में हुई है। शहर के एक रोगी की मौत एसीएच विंग औरैया में हुई है। एक की मौत अपोलो, एक की चांदनी नर्सिंगहोम, एक की कृष्णा अस्पताल और एक की मरियमपुर अस्पताल में मौत हुई है। अब तक कुल कोरोना संक्रमितों की संख्या 81 हजार 337 है। इनमें 76 हजार 71 रोगी ठीक हो गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने सोमवार को रिकार्ड 10 हजार 686 सैंपल लिए हैं।