खाड़ेपुर में एक साल में ही गड्ढों में तब्दील हुई न्यू बंबा रोड में जलभराव से गुस्साए इलाकाई लोगों ने प्रदर्शन किया। पौधे भी रोपे। पानी में बैठकर नारेबाजी करते हुए नगर निगम पर मिलीभगत कर 1.20 करोड़ रुपये से घटिया सड़क बनवाने, ठेकेदार का भुगतान करने का आरोप लगाया। जांच कराकर कार्रवाई की मांग की। ऐसा न होने पर आंदोलन की धमकी दी। विधानसभा अध्यक्ष ने 28 सितंबर को पुन: इस सड़क को सीएम ग्रिड योजना के तहत बनवाने के लिए शिलान्यास किया।
विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने पिछले साल 9 मार्च को कर्रही मुख्य मार्ग से खाड़ेपुर चौराहा होते हुए हमीरपुर मुख्य मार्ग बंबा चौराहे तक की व्यस्त सड़क निर्माण के लिए शिलान्यास किया था। नगर निगम ने 15 वें वित्त के धन में से 1.20 करोड़ की लागत से 2100 मीटर लंबी इस सड़क का निर्माण ठेकेदार सुरेश सचान (लॉयन कंस्ट्रक्शन) से शुरू कराया। क्षेत्रीय पार्षद धीरेंद्र कुमार ने बताया कि ठेकेदार ने खाड़ेपुर चौराहे के पास डेढ़ सौ मीटर सीसी रोड और वहां से कर्रही रोड तक हाटमिक्स प्लांट से सड़क बनवाई, पर खाड़ेपुर से हमीरपुर रोड तक गिट्टी से समतलीकरण किया गया था। इंद्रप्रस्थ गेस्ट हाउस तक नाला है, पर उसके आगे नाली बनी थी। पानी निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से सड़क टूट गई, नाली भी बैठ गई। जोन - 2 के अधिशासी अभियंता दिवाकर भास्कर से दो महीने पहले शिकायत की, पर गड्ढे नहीं भरे गए।
विष्णु कुशवाहा की अगुवाई में 27 सितंबर को बंबा रोड के गड्ढों पर मक्का के पौधे रोपते हुए प्रदर्शन किया गया। विष्णु ने पानी में बैठकर प्रदर्शन के दौरान नारेबाजी करते हुए नगर निगम के अभियंताओं पर 1.20 करोड़ से आधी - अधूरी घटिया सड़क बनवाने का आरोप लगाया। नगर आयुक्त से इसकी जांच कराकर कार्रवाई की मांग की। कहा कि गड्डों में तब्दील हुई इस सड़क से आने - जाने में लोगों को बहुत दिक्कत हो रही है। आए दिन ई-रिक्शे पलटते हैं। उन्होंने जल्द से जल्द सड़क बनवाने की भी मांग की।
प्रदर्शन में मनोज सोनकर, कुलदीप गौतम, वीरेंद्र वर्मा, रमन, पवन सविता, मोनू वर्मा, अखिल गुप्ता, ज्ञानेंद्र कुशवाहा, नीरज, सुनील तिवारी, विनीत पटेल आदि शामिल रहे। उधर, इस संबंध में जोन - 2 के अधिशासी अभियंता दिवाकर भास्कर ने बताया कि यह सड़क बीच का हिस्सा छोड़कर बनवाई गई थी। नाली नहीं बनवाई गई थी। अब सीएम ग्रिड योजना के तहत निर्माण होगा। मलबा डलवा दिया है।