कानपुर के गोविंद नगर थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार शाम बिजली का फाल्ट ठीक करने पोल पर चढ़े केस्को के संविदा लाइनमैन लाला (48) को अचानक करंट लग गया। झटका लगते ही वह करीब 25 फीट ऊंचाई से सड़क पर जा गिरे। गंभीर हालत में उन्हें निजी अस्पताल से हैलट ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। मूलरूप से उन्नाव के औरास निवासी लाला की तैनाती गोविंद नगर के उद्योग कुंज केस्को क्षेत्र में थी।
परिवार में पत्नी सुमन, बेटा विकास और बेटी वैष्णवी हैं। बृहस्पतिवार शाम करीब पांच बजे क्षेत्र में फाल्ट आने की सूचना के बाद लाला साथी कर्मचारी के साथ करीब साढ़े पांच बजे मौके पर पहुंचे थे। वह पोल पर चढ़कर लाइन की मरम्मत कर रहे थे। इसी दौरान अचानक बिजली सप्लाई शुरू हो गई। पोल में करंट दौड़ने से वह उसकी चपेट में आ गए और करीब 25 फीट नीचे सड़क पर जा गिरे।