विद्यार्थियों की पढ़ाई हो रही है प्रभावित
कोचिंग संचालकों ने कहा कि संस्थान सील होने के कारण अधूरे सुरक्षा मानकों को पूरा करने में दिक्कत आ रही है और विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इस पर केडीए सचिव अभय पांडेय ने सभी सील को खोलने की अनुमति देते हुए 15 दिन का समय दिया। उन्होंने कहा कि तय अवधि में मानक पूरे नहीं किए गए, तो दोबारा कार्रवाई करते हुए कोचिंग सील कर दी जाएंगी।
सभी सुरक्षा उपकरण लगाना अनिवार्य
कानपुर कोचिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष सतेंद्र कुमार कटियार ने बताया कि बैठक में कोचिंग सीलिंग, पंजीकरण और संचालन से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा हुई। सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए तय किया गया कि लखनऊ अग्निकांड जैसी घटनाओं से बचने के लिए सभी सुरक्षा उपकरण लगाना अनिवार्य होगा।
रेजिडेंशियल भवनों का व्यावसायिक उपयोग नहीं
ग्राउंड फ्लोर पर कम संख्या में बैच चलाने वाली कोचिंगों को दो दरवाजों के साथ संचालन की अनुमति दी गई है, लेकिन अग्निशमन यंत्र रखना जरूरी होगा। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि रेजिडेंशियल भवनों का व्यावसायिक उपयोग नहीं किया जाएगा। काकादेव सहित शहर के अन्य क्षेत्रों में घरेलू नक्शे वाली इमारतों में चल रही कोचिंगों को व्यावसायिक नक्शा पास कराने के निर्देश दिए गए हैं।