कानपुर के बिठूर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामनगर में खनन के विरोध में हुए बवाल मामले में पुलिस लापरवाही रही। पुलिस ने पहले माफिया को शह देकर खनन कराया, फिर माफिया को थाने ले जाकर किसानों पर एफआईआर दर्ज कराई और अब उसकी तलाश कर रही है।
रामनगर में खनन माफिया नीरज यादव उर्फ बाबा खनन करवा रहा था। गुरुवार रात किसान राजेश शुक्ला, सुरेश शुक्ला और धर्मेश शुक्ला आदि ने विरोध किया तो उसने पुलिसकर्मियों के साथ मिलकर उनके घर पर हमला कर दिया था।
बाद में पुलिस ने नीरज की तहरीर पर उल्टा किसानों पर ही केस दर्ज कर लिया था। मामला अफसरों के संज्ञान में आने के बाद पुलिस ने किसान की पत्नी की तहरीर पर नीरज व उसके गुंडों पर एफआईआर दर्ज की।
केस दर्ज होते ही पुलिसकर्मियों ने उसको भगा दिया और अब तलाश करने की बात कर रही है। सीओ कल्याणपुर अजय कुमार ने बताया कि फरार आरोपियों के घर पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही सभी गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।