हनुमंत विहार में मॉर्डन गार्डन सहकारी आवास समिति की जमीन कूटरचित दस्तावेज तैयार कर बेचने के मामले में पूर्व सचिव समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है। समिति के वर्तमान सचिव दिलीप कुमार गुप्ता की तहरीर पर दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, सुजातगंज निवासी पूर्व सचिव मो. नासिर खां को जमीनों की बिक्री में अनियमितता मिलने पर आठ जनवरी को प्रबंध कमेटी ने पद से हटा दिया था।
आरोप है कि इसके बावजूद नासिर ने एक अप्रैल को ग्राम अर्रा की आराजी संख्या 447 स्थित समिति की जमीन में से 54 वर्गगज भूखंड का बैनामा करा दिया। इस दौरान चंदन गल्लामंडी निवासी रीना सिंह, फतेहपुर के खजुहा क्षेत्र स्थित बरेठेर बुजुर्ग निवासी राकेश सिंह और गल्लामंडी निवासी हेमंत सिंह गौड़ के साथ मिलीभगत कर समिति की जमीन पर अपना अधिकार दर्शाया और तथ्य छिपाकर बेच दी। तहरीर में नासिर पर पहले भी समिति की जमीन बेचकर 5.86 करोड़ रुपये के गबन का आरोप लगाया गया है। थाना प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।