वीआईपी रोड पर एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार मैकेनिक फैजल अहमद (32) को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। यह हादसा बुधवार देर रात एल्गिन मिल के पास हुआ। राहगीरों ने कार चालक को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। नवाबगंज के पुराना कानपुर मकबरा निवासी फैजल अहमद (32) बाइक मैकेनिक था।
परिवार में मां हुस्नबानो, बड़ा भाई फहीम व दो बहनें हैं। फहीम के अनुसार, बुधवार रात करीब 12:30 बजे फैजल को उसके किसी दोस्त ने बाइक स्टार्ट न होने पर बुलाया था। उसने फोन पर दोस्त की लोकेशन पूछने के लिए वीआईपी रोड स्थित एल्गिन मिल के पास बाइक रोकी तभी पीछे से आई ब्रेजा कार ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। वह वह बाइक से उछलकर दूर जा गिरा। इसके बाद कार सामने बने डिवाइडर से टकरा गई। हादसे के बाद राहगीर और क्षेत्रीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायल को हैलट भेजा। फहीम के अनुसार, पुलिस ने उन्हें रात करीब डेढ़ बजे हादसे की सूचना दी। डॉक्टरों ने जांच के बाद भाई को मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी संतोष गौड़ ने बताया कि पीड़ित परिवार की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। कार को कोयलानगर निवासी आशीष कुमार चला रहे थे। कोहना से लौटते समय हादसा हुआ है।