नगर निगम ने सब्जी मंडी में चलाया बुलडोजर
- फोटो : अमर उजाला
कल्याणपुर थाने के सामने बाजार में मंगलवार को बुलडोजर गरजा। यहां 200 से अधिक अवैध दुकानें हटाई गईं। दुकानदारों ने विरोध किया तो पुलिस ने फटकार लगाई। पांच घंटे तक अभियान चला। जोन छह के जोनल अधिकारी की देखरेख में हुई इस कार्रवाई में नगर निगम कर्मचारियों ने सड़क किनारे बनाए गए सभी अवैध कब्जे हटाए और आसपास की सफाई कराई। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि यदि किसी ने पिलर के आगे दुकान या ठेला लगाया तो तत्काल चालान और जुर्माना किया जाएगा। अभियान के दौरान पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा।
बताया जा रहा है कि करीब एक माह पहले भी उच्च न्यायालय के आदेश पर नगर निगम की टीम ने इसी बाजार में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया था। कुछ ही समय में दोबारा फुटपाथ पर कब्जा कर लिया गया। दोबारा कब्जे की शिकायत मिलने के बाद मंगलवार को फिर से अभियान चलाया गया। एसीपी रंजीत कुमार ने बताया कि अतिक्रमण अभियान चलाकर दुकानदारों को दोबारा कब्जा न करने की हिदायत दी गई है।