हनुमंत विहार में रविवार देर रात तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से अभय सचान (23) की मौत हो गई। वह काम खत्म कर पैदल घर लौट रहा था। नौबस्ता चौराहे के पास पीछे से आए वाहन ने उसे टक्कर मार दी। गंभीर हालत में हैलट में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पिता की मौत के बाद मजदूरी कर मां और तीन बहनों की जिम्मेदारी उठा रहे अभय की मौत से परिवार बेसहारा हो गया। छोटी बहन कीर्ति की 20 नवंबर को शादी होनी है। जिस भाई के हाथों बहन की विदाई होनी थी, वही अब दुनिया में नहीं रहा।
बाबा नगर स्थित चतुर्वेदी बिल्डिंग निवासी अभय के पिता की कुछ साल पहले बीमारी से मौत हो गई थी। मां ऊषा गृहिणी हैं। तीन बहनों में बड़ी की शादी हो चुकी है, जबकि कीर्ति की शादी सामूहिक विवाह सम्मेलन में तय है। एक बहन अभी पढ़ाई कर रही है। पिता के जाने के बाद अभय ने टाइल्स और पत्थर लगाने का काम संभाला और मेहनत-मजदूरी कर परिवार का खर्च उठाने लगा।
परिजन के मुताबिक, रविवार देर रात साइट पर काम खत्म करने के बाद अभय पैदल घर लौट रहा था। नौबस्ता चौराहे के पास पीछे से आए तेज रफ्तार वाहन ने उसे टक्कर मार दी। सड़क पर गंभीर हालत में पड़े अभय को राहगीरों ने देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस उसे निजी अस्पताल ले गई। मोबाइल से परिजनों को सूचना दी गई। परिजन पहुंचे तो डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखकर उसे हैलट रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।अभय की मौत से मां ऊषा बदहवास हैं। छोटी बहन कीर्ति भाई का शव देखकर बेसुध हो गई। वह बिलखते हुए कहती रही कि पापा के जाने के बाद भाई ही परिवार का सहारा था। अब घर कौन चलाएगा, मां की देखभाल कौन करेगा और शादी के बाद उसे विदा कौन करेगा। जिस घर में कुछ दिन बाद शादी की खुशियां गूंजनी थीं, वहां अब भाई की मौत का मातम है। हनुमंत विहार थाना प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले जा रहे हैं। टक्कर मारने वाले वाहन और चालक की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।